बिहार: वैशाली में LJP विधायक पर जानलेवा हमला, बेटा सहित छह घायल
वैशाली जिले में भूमि विवाद को लेकर लोजपा विधायक पर जानलेवा हमला हुआ है जिसमें उनके बेटे सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्होंने अपने भाईयों पर ही हमले का आरोप लगाया है।
वैशाली, जेएनएन। लालगंज के लोजपा विधायक राजकुमार साह पर जानलेवा हमला हुआ है, जिसमें उनके बेटे सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। विधायक ने बताया कि ये घटना तब हुई, जब वे शाहपुर कासिम गांव में अपने समर्थकों के साथ घर के दरवाजे पर बैठे थे। उसी दौरान करीब दर्जनों हमलावरों ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इस दौरान विधायक समेत 6 लोग घायल हो गए।
इस हमले के दौरान हमलावरों ने फायरिंग भी की. इसके चलते अफरा-तफरी मच गई। यही नहीं उपद्रवी तत्वों ने विधायक के घर में तोड़फोड़ भी की। विधायक की स्कॉर्पियो गाड़ी समेत घर के सभी कांच के दरवाजे और खिड़कियों को भी बुरी तरह से तोड़ चकनाचूर कर दिया।
इस हमले के पीछे की वजह भूमि विवाद बताया जा रहा है। विधायक और उनके भाई के बीच जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी को लेकर विधायक के भाई मुकेश ने अपने गुर्गों के साथ विधायक पर हमला कर दिया।
घटना के बाद सभी घायलों को लालगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच और कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस ने दावा किया है इस घटना में शामिल सभी उपद्रवी तत्वों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप