वैशाली की बेटियों का जलवा: अंडर-17 बिहार फुटबॉल टीम में 3 का सिलेक्शन, साक्षी पटेल बनीं उपकप्तान
वैशाली की तीन बेटियों का बिहार अंडर-17 फुटबॉल टीम में चयन हुआ है, जिसमें साक्षी पटेल उपकप्तान और अंशा मुख्य ...और पढ़ें

मुख्य कोच के साथ बिहार टीम में चयनित तीन खिलाड़ी। फोटो सौ. स्वंय
HighLights
वैशाली की तीन बेटियां बिहार फुटबॉल टीम में चयनित।
साक्षी पटेल उपकप्तान, अंशा बनीं मुख्य कोच।
टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए आंध्र प्रदेश रवाना।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। खेल में अपनी प्रतिभा के आधार पर वैशाली की तीन बेटियों ने बिहार टीम में अपनी जगह बनाई है। बालिका अंडर-17 फुटबॉल टीम में वैशाली की तीन बेटियों का चयन किया गया है।
वैशाली की साक्षी पटेल को बिहार टीम का उपकप्तान बनाया गया है, जबकि वैशाली की ही राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी अंशा को बिहार टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। वैशाली के लिए यह गौरव की बात है।
वैशाली की तीन बेटियों को बिहार टीम में जगह मिलने को लेकर जिले के खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खुशी की लहर है। सभी ने वैशाली की बेटियों को विजय पताका लहराने की शुभकामनाएं दी है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बिहार टीम आंध्र प्रदेश के लिए रवाना हो गई है। बिहार टीम अपने पहले मुकाबले में 10 सितंबर को खेलेगी। इसकी जानकारी बिहार फुटबॉल संघ के अध्यक्ष रविंद्र प्रसाद सिंह ने दी है।
ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के तत्वावधान में आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में 10 सितंबर से अंडर-17 बालिका वर्ग फुटबॉल की राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित है। इस प्रतियोगिता के लिए बिहार टीम का चयन सह प्रशिक्षण शिविर बेगूसराय में आयोजित किया गया था। चयनित खिलाड़ी ही बिहार टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
बिहार टीम की कप्तान सीवान की पिंकी कुमारी को बनाया गया है, जबकि उपकप्तान वैशाली की साक्षी पटेल है। टीम कोच अंशा और टीम मैनेजर वर्षा रानी को बनाया गया है।
बिहार टीम इस प्रकार है- वैशाली की वैभवी कुमारी, आर्शी कुमारी और साक्षी पटेल, मुजफ्फरपुर की मुस्कान कुमारी एवं चांदनी कुमारी, सिवान की अंजली कुमारी, रौशनी कुमारी, रंजना कुमारी, अंशु कुमारी, पारो कुमारी, पिंकी कुमारी एवं सविता कुमारी, बेगूसराय की साक्षी कुमारी एवं जानती कुमारी, एकलव्य सेंटर की सुमन कुमारी एवं पूजा कुमारी, दानापुर की लक्की कुमारी, सारण की रिया कुमारी तथा नरकटियागंज की प्रिया कुमारी एवं मुस्कान कुमारी। आंध्र प्रदेश रवाना होने से पूर्व खिलाड़ियों का फोटो सेशन कराया गया।
