विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जश्न बना खौफ का मंजर: वैशाली में बर्थडे पार्टी के दौरान चली गोली, युवक गंभीर रूप से घायल

By RAVI SHANKAR SHUKLAEdited By: Radha Krishna
Published: Wed, 07 Jan 2026 11:22 AM (IST)

वैशाली के महुआ में एक जन्मदिन पार्टी मातम में बदल गई, जब आपसी विवाद के बाद फायरिंग हो गई। मिर्जानगर ...और पढ़ें

वैशाली में बर्थडे पार्टी के दौरान चली गोली

वैशाली में बर्थडे पार्टी के दौरान चली गोली

HighLights

  1. जन्मदिन पार्टी में आपसी विवाद के बाद हुई फायरिंग।

  2. युवक राजकिशोर राय उर्फ मुन्ना राय पेट में गोली लगने से घायल।

  3. पुलिस ने जांच शुरू की, आरोपी की तलाश जारी।

जागरण संवाददाता, वैशाली।बिहार में अपराधियों के हौसले एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र में बर्थडे पार्टी का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया, जब पार्टी के दौरान अचानक फायरिंग हो गई। सरेआम चली गोली में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।

घटना मिर्जानगर हाई स्कूल के पास की है, जहां मंगलवार की शाम कुछ युवक एक कार के पास जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। इसी दौरान आपसी कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि पार्टी में शामिल एक युवक ने अचानक पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली सीधे कार सवार युवक को जा लगी।

गोली लगने से घायल युवक की पहचान हरपुर ओस्ती गांव निवासी राजकिशोर राय उर्फ मुन्ना राय के रूप में की गई है। गोली उसके पेट में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और घटनास्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कुछ देर के लिए इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में महुआ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही महुआ थाना के थानाध्यक्ष राजेश रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग करने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि पार्टी में शामिल युवक ही था।

पुलिस का कहना है कि बर्थडे पार्टी के दौरान आपसी विवाद के बाद ही गोली चलाई गई। घायल युवक का बयान अस्पताल में दर्ज कर लिया गया है, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि निजी समारोहों में हथियारों की मौजूदगी कैसे हो रही है और युवा वर्ग में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति किस दिशा की ओर इशारा कर रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।