24 से 48 घंटे में बढ़ सकता है गंगा का जलस्तर, वैशाली जिले में प्रशासनिक टीम मुस्तैद
इंद्रपुरी बराज से सोन नदी में अत्यधिक जलस्राव के कारण वैशाली में गंगा का जलस्तर अगले 24-48 घंटों में बढ़ने ...और पढ़ें

24 से 48 घंटे में बढ़ सकता है गंगा का जलस्तर, वैशाली जिले में प्रशासनिक टीम मुस्तैद
HighLights
गंगा का जलस्तर 24-48 घंटे में बढ़ने की संभावना।
वैशाली प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती।
लोगों को सावधानी बरतने, अफवाहों से बचने की सलाह।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। इंद्रपुरी बराज से सोन नदी में अत्यधिक जलस्राव और बढ़ते रुझान को देखते हुए वैशाली जिला प्रशासन ने गंगा नदी के तटीय और दियारा क्षेत्रों में विशेष सतर्कता का अलर्ट जारी किया है। अत्यधिक जलस्राव के प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटे में जिले में गंगा के जलस्तर में तीव्र वृद्धि की संभावना जताई गई है।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने संबंधित पदाधिकारियों को स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और संभावित जलस्तर वृद्धि को देखते हुए राहत एवं बचाव की सभी तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया है।
गंगा नदी से लगे महनार, देसरी, सहदेई बुजुर्ग, बिदुपुर, राघोपुर और हाजीपुर के दियारा एवं निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से गंगा किनारे, दियारा क्षेत्रों और संभावित जलमग्न स्थलों पर अनावश्यक रूप से नहीं जाने को कहा है।
बच्चों और बुजुर्गों को नदी एवं जलमग्न क्षेत्रों के आसपास नहीं जाने देने की अपील की गई है। लोगों से पशुधन को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर ले जाने की तैयारी रखने तथा प्रशासन की चेतावनियों और निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
प्रशासन ने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल जिला प्रशासन एवं अधिकृत स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। जिला प्रशासन स्थिति पर 24 घंटे निगरानी रख रहा है।
सभी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों और कार्यपालक पदाधिकारियों को आपदा प्रबंधन के निर्धारित एसओपी के अनुरूप राहत एवं बचाव की तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, संवेदनशील क्षेत्रों में नावों की टैगिंग, पालिथीन शीट, पेयजल, स्वास्थ्य एवं पशु स्वास्थ्य शिविरों समेत आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आपदा नियंत्रण व्यवस्था को अलर्ट मोड में रखने के साथ एसडीआरएफ की टीम को भी अलर्ट किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से घबराने के बजाय संभावित जलस्तर वृद्धि को देखते हुए पूरी सावधानी बरतने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
बाढ़, जलस्तर में वृद्धि अथवा किसी अन्य आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या-06224-260233, 06224-260234 से संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग और तत्पर है।
