लालगंज में गांधी चौक पर प्रतिदिन भीषण जाम से तबाह हो रहे लोग
लालगंज बाजार के गांधी चौक पर रोजाना लग रहे भीषण जाम से लोग लगातार तबाह हो रहे हैं। बाजार का मुख्य मार्ग वन-वे होने के बाद भी यहां से चार पहिया तीन पहिया एवं निजी वाहनों की आवाजाही होती रहती है।
संवाद सूत्र, लालगंज : लालगंज बाजार के गांधी चौक पर रोजाना लग रहे भीषण जाम से लोग लगातार तबाह हो रहे हैं। बाजार का मुख्य मार्ग वन-वे होने के बाद भी यहां से चार पहिया, तीन पहिया एवं निजी वाहनों की आवाजाही होती रहती है। गांधी चौक पर चारों तरफ से रास्ता है। सभी ओर से यात्री और वाहन आते रहते है। जिससे इस चौक पर भीड़ काफी होती है और यही वजह है कि यहां प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है। गांधी चौक से पश्चिम किराना, कपड़े, बर्तन की ज्यादा दुकानें है। इसलिए खरीदारी करने वाले लोगो की भीड़ भी ज्यादा इधर ही आती है। उसके बाद गांधी चौक पर फल, अंडे आदि का ठेला दिनभर लगा रहता है जो जाम का कारण बनती है। अतिक्रमण के कारण गांधी चौक के निकट सड़क काफी संकीर्ण हो जाती है। नगर प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम नहीं होने तथा सड़कों अतिक्रमण से जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है।
मालूम हो कि गांधी चौक से दक्षिण की ओर थाना, अवर निबंधन कार्यालय और बच्चे के चिकित्सकों का कई नर्सिंग होम है। इसके कारण इधर से वाहनों की आवाजाही भी ज्यादा रहती है। लोगों का कहना है कि गांधी चौक शहर की हृदयस्थली है। ऐसे में गांधी चौक, शुक्ला मार्केट, महावीर चौक आदि जगहों पर प्रशासन की ओर से ट्रैफिक कंट्रोल की व्यवस्था होनी चाहिए। जिससे कि जाम की समस्या का निपटारा हो सके।
दूसरी ओर प्रशिक्षु आईपीएस सह थानाध्यक्ष काम्या मिश्रा का कहना है कि गांधी चौक पर पुलिस बल की तैनाती रहती है। फिर भी आवश्यकता हुई तो अतिरिक्त पुलिस बल को लगाया जाएगा। वहीं स्थानीय लोग इस जाम के लिए पुलिस कर्मियों की लापरवाही को भी जिम्मेवार ठहरा रहे हैं। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात कर्मी यातायात नियंत्रण से ज्यादा अपने उगाही में लगे रहते हैं। जब कभी भी भीषण जाम की नौबत होती है, वह मूकदर्शक हो जाते हैं। आरोपों के अनुसार इनकी मिलीभगत के कारण ही सड़कों पर दुकाने लगाई जा रही है।