Bihar: राघोपुर में अलग-अलग घटनाओं में तीन की मौत, दो बाढ़ के पानी में डूबे, एक आया वज्रपात की चपेट में
वैशाली जिले के राघोपुर में अलग-अलग घटनाओं में तीन की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनाएं बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र की हैं। दो की डूबने से जबकि एक की वज्रपात से मौत हो गई।
हाजीपुर, जागरण संवाददाता। वैशाली जिले के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर हुई घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। दो की मौत बाढ़ के पानी में डूबने से और एक की मौत वज्रपात से हो गई। वज्रपात से दो लोग झुलस गए हैं। गंभीर हालत में उनका इलाज कराया जा रहा है। इन घटनाओं से मातम पसर गया है। दशहरा का उत्साह गम में तब्दील हो गया।
घर जा रहे दो लोग बाढ़ के पानी में डूबे
जानकारी के अनुसार जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पश्चिमी पंचायत में बाढ़ के पानी में डूबने से एक किशोर व एक युवक की मौत हो गई। मृतकों 16 वर्षीय मंटू राय एवं 25 वर्षीय विजय महतो शामिल हैं। दोनों युवक बाढ़ के पानी से गुजरते हुए घर जा रहे थे, इसी दौरान गहरे स्थान पर दोनों डूब गए। उनके डूबने की खबर से कोहराम मच गया। बताया जाता है कि राघोपुर पश्चिमी पंचायत में टीन वाला स्कूल के निकट जमा बाढ़ का पानी पारकर दोनों घर जा रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों युवक पानी में गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर आसपास के लोग जुट गए। स्थानीय गोताखोर की मदद से घंटों मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
ठनका गिरने से राजमिस्त्री की मौत, दो जख्मी
वहीं दूसरी ओर इसी थाना क्षेत्र के राघोपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या नौ में ठनका गिरने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। इस दौरान दो व्यक्ति झुलस गए। घायल को इलाज के लिए आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कानपुर फतेहपुर भर्ती कराया गया। मृतक राघोपुर पूर्वी निवासी योगेश्वर राय के 45 वर्षीय पुत्र शंभू राय थे। वहीं घायल 50 वर्षीय हुलास राय एवं 20 वर्षीय जीतू कुमार हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सभी लोग अपने दरवाजे पर बनी झोपड़ी में बैठे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश हुई और मेघगर्जन होने लगा। तभी तेज आवाज के साथ ठनका गिरा और तीनों उसकी चपेट में आ गए। इससे शंभू राय की मौत हो गई। हुलास राय एवं जीतू कुमार घायल हो गए। घटना की जानकारी पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। घटना के बाद मृतक के स्वजनों का रोते-रोते बुरा हाल है।