चोरी के दौरान चोर ने युवक के सिर पर किया वार, मौत
महुआ। महुआ थाना क्षेत्र के मधौल गांव में एक घर में चोरी कर रहे चोरों को जब गृहस्वामी के पुत्र ने देखकर शोर मचाया तो चोरों ने उसके सिर पर वार कर दिया। इलाज के लिये पटना ले जाने के क्रम में युवक की मौत हो गयी। मृतक 18 वर्षीय अभिमन्यु कुमार उर्फ गोलू विनोद सिंह का पुत्र था। उधर चोर-चोर का शोर होने पर जुटे ग्रामीणों ने खदेड़कर एक चोर को पकड़ लिया तथा उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची महुआ पुलिस ने चोर को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए भेज दिया।

महुआ थाना क्षेत्र के मधौल गांव में सोमवार की देर रात लगभग दो बजे बजे विनोद सिंह के घर में तीन चोर घुस गए तथा चोरी करने लगे। इसी बीच विनोद सिंह के पुत्र अभिमन्यु कुमार उर्फ गोलू ने घर में हो रही चोरी की घटना को देख लिया तथा शोर मचाया। गोलू द्वारा शोर मचाए जाते देख चोरों ने गोलू के सिर पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। चोरों द्वारा किए गए प्रहार से गोलू का सिर फट गया तथा वह खून से लथपथ हो गया। इसी बीच घर में हुए शोर को सुन अन्य सदस्य भी जाग उठे तथा उन्होंने हल्ला किया। घर के लोगों द्वारा हल्ला मचाते देख सभी चोर भाग निकले। गृहस्वामी द्वारा हल्ला किए जाने पर आसपास के लोग भी उठे तथा चोरों को खदेड़ने लगे। काफी दूर तक खदेड़कर लोगों ने एक चोर को पकड़ लिया।
दूसरी और चोर के वार से गंभीर रूप से घायल विनोद सिंह के पुत्र गोलू को घर के लोग एवं ग्रामीण तत्काल महुआ अनुमंडल अस्पताल ले गए, लेकिन स्थिति को गंभीर देख कर चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया। पटना ले जाने के क्रम में ही चार बजे भोर में गोलू की मौत हो गई। उधर ग्रामीणों ने पकड़ में आए चोर की जमकर धुनाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही महुआ थानाध्यक्ष कृष्णानंद झा, जिला पार्षद अशोक अकेला, पंचायत के उप मुखिया मोहम्मद खुर्शीद सहित काफी संख्या में लोग पहुंच गए तथा आक्रोशित लोगों से किसी तरह चोर को छुड़ाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल चोर को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल लाया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देख कर उसे भी चिकित्सक ने रेफर कर दिया। महुआ थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़ा गया चोर महुआ नगर पंचायत के मुकुन्दपुर गांव के विनोद तिवारी का पुत्र संदीप तिवारी है। इस संबंध में मृतक गोलू के पिता विनोद सिंह ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। गोलू की मौत से उसके घर में मातम है।