वैशाली में किशोरी से स्कूल के बाहर सामूहिक दुष्कर्म, बेहोशी की हालत में मिलने से मची सनसनी Vaishali News
बिहार के वैशाली जिले में शुक्रवार को किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गए हैं।
वैशाली जेएनएन। वैशाली में अपराध बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को जिले में एक बार फिर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस बार दरिंदों का शिकार 14 साल की किशोरी हुई है। जिसके साथ एक स्कूल के बाहर सामूहिक रूप से लोगों ने मुुंह काला किया है। वारदात महुआ थाना क्षेत्र में हुई है। किशोरी को बेहोशी की हालत में छोड़कर सभी आरोपित फरार हो गए हैं। सूचना पर महुआ थाने की पुलिस जांच के लिए पहुंच गई है। पीड़ित को गंभीर अवस्था में हाजीपुर रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार महुहा थाना क्षेत्र में एक 14 साल की किशोरी रहती थी। पीड़ित इसी थाना क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ती थी। बताया जाता है कि शुक्रवार को वो घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। काफी देर बज घर नहीं आई तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। कुछ देर बाद सूचना मिली कि एक 14 साल की लड़की बेहोशी की हालत में स्कूल के बाहर मिली है।
जांच में उसकी पहचान हो गई। गंभीर हालत में किशोरी को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत चिंताजनक होने पर उसे हाजीपुर रेफर कर दिया गया। महुआ थाने की पुलिस ने बताया कि किशोरी के साथ सामूहिक रूप से दुष्कर्म की बात सामने आ रही है। पीड़ित को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी गई है।