विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आमजन की समस्याओं का तुरंत होगा समाधान, बिहार सरकार के पोर्टल पर करें आवेदन: डिप्टी सीएम

Published: Tue, 02 Jun 2026 04:27 PM (IST)

उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने सोनपुर के नयागांव पंचायत में सहयोग शिविर का उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, सोनपुर। सोनपुर के नयागांव पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिहार सरकार आम लोगों को समस्याओं के त्वरित समाधान और कार्यालयों का चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाने के लिए पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित कर रही है।

उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन के लिए 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है। निर्धारित अवधि में समाधान नहीं करने वाले पदाधिकारी जवाबदेह होंगे तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के महत्वपूर्ण घटक सबका सम्मान, जीवन आसान के तहत सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सीधे पंचायत स्तर तक पहुंच रही है। उन्होंने लोगों से सहयोग शिविर के माध्यम से अपनी समस्याएं दर्ज कराने की अपील की।

उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर में आवेदन देने के अलावा नागरिक सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायतें एवं आवेदन ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं।

इसके लिए राज्य सरकार ने sahyog.bihar.gov.in पोर्टल विकसित किया है, जहां आवेदन की स्थिति की निगरानी भी की जा सकती है। इस मौके पर सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

लाभार्थियों को वितरित किए गए प्रमाण-पत्र

शिविर के दौरान पूर्व में प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों के लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। उपमुख्यमंत्री ने कई लाभार्थियों के बीच जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, नि:शक्तता प्रमाण-पत्र, शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि सहित अन्य योजनाओं से संबंधित स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए।

सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने आम लोगों की शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त किए तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।

शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति, ग्रामीण विकास, विद्युत एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग सहित अन्य विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस मौके पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार आदि उपस्थित थे।