विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनपुर मेला 2026 में 500 शौचालयों का बनेगा क्लस्टर, पार्किंग और वेंडिंग जोन के लिए चिह्नित होंगी जमीनें

Published: Sat, 24 Oct 2026 07:58 PM (IST)

हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले 2026 के सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसमें सारण के डीएम और एसएसपी ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।

सोनपुर मेला 2026 में 500 शौचालयों का बनेगा क्लस्टर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

सोनपुर मेला 2026 में 500 शौचालयों का बनेगा क्लस्टर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. मेला क्षेत्र में 500 शौचालयों का क्लस्टर में निर्माण।

  2. पार्किंग और वेंडिंग जोन के लिए भूमि चिह्नित की जाएगी।

  3. स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले के सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य आयोजन की तैयारी तेज हो गई है। इसी क्रम में सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र तथा प्रमुख संपर्क मार्गों का निरीक्षण किया। 

इस दौरान अधिकारियों ने स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।

मेला क्षेत्र में कम से कम 500 शौचालय 

बताया गया कि मेला क्षेत्र में कम से कम 500 शौचालय स्थापित किए जाएंगे। इन्हें 10-10 के क्लस्टर में अलग-अलग स्थानों पर बनाया जाएगा। प्रत्येक क्लस्टर में महिला और पुरुषों के लिए अलग शौचालय, वाश बेसिन, जलापूर्ति और नियमित सफाई की व्यवस्था होगी। 

मेला क्षेत्र और प्रमुख संपर्क मार्गों पर पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने तथा सभी सार्वजनिक स्थलों पर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मेला क्षेत्र और वहां तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने को कहा गया। अंधेरे वाले स्थानों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। 

अधिकारियों ने मेला क्षेत्र को विभिन्न जोन में बांटकर शौचालय, पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं के लिए स्थल चिह्नित करने का निर्देश दिया। प्रमुख संपर्क मार्गों को जरूरत के अनुसार दुरुस्त करने और सड़क किनारे निर्धारित स्थान छोड़कर बैरिकेडिंग लगाने पर जोर दिया गया, ताकि पैदल श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन सुरक्षित रहे तथा वाहनों की आवाजाही बाधित न हो।

पार्किंग और वेंडिंग जोन के लिए भूमि चिह्नित होगी

मेले में आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग स्थल चिह्नित कर उन्हें समतल और वाहन परिचालन के अनुकूल बनाने का निर्देश दिया गया। पार्किंग स्थलों को अतिक्रमणमुक्त रखने के साथ यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि आसपास के भवनों के प्रवेश-निकास और स्थानीय लोगों के आवागमन में बाधा न हो। 

खाली मैदानों और अन्य संभावित स्थलों की पहचान कर उनकी जमाबंदी एवं भूमि संबंधी स्थिति का सत्यापन करने को कहा गया है, ताकि नियमानुसार वेंडिंग जोन के लिए जगह उपलब्ध कराई जा सके।

भीड़ और यातायात प्रबंधन की बनेगी कार्ययोजना

मेला क्षेत्र और प्रमुख संपर्क मार्गों से अतिक्रमण हटाकर उन्हें बाधामुक्त रखने का निर्देश दिया गया। संभावित भीड़ और वाहनों की संख्या को ध्यान में रखते हुए प्रवेश-निकास मार्गों तथा पार्किंग क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। 

प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय से सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की तैयारियां पूरी करने को कहा गया। डीएम और एसएसपी ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने तथा तैयारियों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।