Sonepur Mela 2026: विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेला 22 नवंबर से, AI से लेकर संत-महात्माओं तक; सामने आया पूरा प्लान
विश्वप्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला 22 नवंबर से शुरू होगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। इस बार मेले को भव्य ...और पढ़ें

मेला की तैयारियों को लेकर सोनपुर में आयोजित बैठक में डीएम-एसपी, विधायक व अन्य। सौ-जिला प्रशासन
HighLights
मेला 22 नवंबर से, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन।
स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, एआई तकनीक पर विशेष ध्यान।
संत-महात्माओं का निमंत्रण, हरिहरक्षेत्र डाक टिकट की मांग।
संवाद सहयोगी, सोनपुर। विश्वप्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला इस वर्ष 22 नवंबर से शुरू होगा। मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से कराने की तैयारी है।
इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया जाएगा। वहीं, कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान 23 से 24 नवंबर तक होगा। मेले को इस बार भव्य, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने की तैयारी की जा रही है।
सोनपुर मेले की तैयारियों को लेकर सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शनिवार शाम अनुमंडल मुख्यालय स्थित सभागार में बैठक हुई।
इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मेला आयोजन से जुड़े जानकार और स्थानीय लोग शामिल हुए। बैठक में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन समेत तैयारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
22 नवंबर को होगा मेले का उद्घाटन
डीएम ने बताया कि इस वर्ष सोनपुर मेले का उद्घाटन 22 नवंबर को होगा, जबकि कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य आयोजन 23 नवंबर से शुरू होकर 24 नवंबर तक चलेगा।
उद्घाटन समारोह के लिए पर्यटन विभाग की ओर से आमंत्रण पत्र जारी किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से बिहार के मुख्यमंत्री को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
बैठक में मेला क्षेत्र की साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क एवं यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाओं समेत श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा हुई।
स्थानीय लोगों ने मेला क्षेत्र में बेहतर साफ-सफाई, अतिक्रमण नियंत्रण, सुचारु यातायात, पर्याप्त रोशनी और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।
संत-महात्माओं को आमंत्रित करने का सुझाव
सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह ने मेले की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा का उल्लेख करते हुए देशभर के संत-महात्माओं को आमंत्रित करने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि उद्घाटन समारोह में संत-महात्माओं को सम्मानपूर्वक स्थान दिया जाना चाहिए। विधायक ने वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए मेला भ्रमण की विशेष व्यवस्था करने का भी सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि मेले के मुख्य पंडाल में दिन के समय कथा वाचकों को धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने का अवसर मिलना चाहिए।
खेल-तमाशे के लाइसेंस की प्रक्रिया सरल करने की मांग
विनय कुमार सिंह ने खेल-तमाशे और अन्य पारंपरिक मनोरंजन कार्यक्रमों के लिए लाइसेंस की प्रक्रिया को सरल बनाने का सुझाव दिया। साथ ही उन्होंने मेले में एआई तकनीक की प्रदर्शनी आयोजित करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ सोनपुर मेले की ऐतिहासिक और पारंपरिक पहचान को जोड़कर इसे देश-विदेश के पर्यटकों के लिए और आकर्षक बनाया जा सकता है।
मेले से जुड़ी सुविधाओं पर स्थानीय लोगों ने रखे सुझाव
बैठक में स्थानीय लोगों ने कहा कि हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला बिहार की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है।
मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक, दुकानदार और व्यवसायी पहुंचते हैं। ऐसे में मेला शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन को मेले को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को अपने-अपने स्तर पर तैयारियों में तेजी लाने तथा बैठक में मिले सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का निर्देश दिया। प्रशासन ने लोगों से मेले को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की।
हरिहरक्षेत्र सोनपुर पर डाक टिकट जारी करने की मांग
बैठक के दौरान हरिहरक्षेत्र सोनपुर के महत्व को देखते हुए इस पर डाक टिकट जारी किए जाने की मांग भी उठी। स्थानीय लोगों का कहना था कि सोनपुर मेले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती देने के लिए इस तरह की पहल महत्वपूर्ण होगी।
बैठक में एसएसपी सारण रौशन कुमार, एडीएम मुकेश कुमार, डीएफओ सारण, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, नगर आयुक्त छपरा रंजीत कुमार, सिविल सर्जन, एसडीओ स्निग्धा नेहा, एसडीपीओ सुमित कुमार आर्या, नगर परिषद सोनपुर के कार्यपालक पदाधिकारी शशि कुमार, सीओ राजकुमार आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
