तीन युवकों की मौत के बाद गुरमियां गांव में मातमी सन्नाटा
शनिवार को गुरमियां गांव के वार्ड नंबर सात में सूखे कुएं में गेंद निकालने गए एक के बाद एक तीन युवकों की जहरीले गैस की चपेट में आ जाने के बाद हुई मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। दुर्गापूजा का उत्सवी माहौल गमगीन हो गया है।
फोटो--07
संवाद सूत्र, लालगंज :
शनिवार को गुरमियां गांव के वार्ड नंबर सात में सूखे कुएं में गेंद निकालने गए एक के बाद एक तीन युवकों की जहरीले गैस की चपेट में आ जाने के बाद हुई मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। दुर्गापूजा का उत्सवी माहौल गमगीन हो गया है। किसी के घर में चूल्हे तक नहीं जले।
रामचंद्र राम के दो पुत्र शिवचंद्र राम, वीरचन्द्र के असमय काल के गाल में समा जाने से पूरे परिवार का रोते-रोते बुरा हाल है। मां मंजू देवी, बहन के आंसू सूख नहीं रहे हैं। मां रह-रहकर बेहोश हो जा रही है। उसकी आंखें अपने दोनों बेटों को तलाश रही हैं। वही कलकत्ता में प्राइवेट काम करने वाले उसके पिता रामचंद्र राम को अपने दोनों पुत्रों की मौत से काफी गहरा सदमा लगा है। हालांकि अभी उनकी हालत में सुधार है। कोलकाता से घर आने के लिए उन्होंने रविवार को ट्रेन पकड़ी है।
वहीं लगन पासवान के पुत्र विजय पासवान की मौत से परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसके दो दुधमुंहे बच्चे हैं। घर के इकलौते कमाऊ पुत्र की असमय मौत से परिवार पर मुसीबतें टूट पड़ी हैं। पत्नी को कुछ सूझ नहीं रहा है कि अब आगे क्या होगा।
ग्रामीण संजय तिवारी, खिलाड़ी ठाकुर, राजू तिवारी, शंभु ठाकुर, सीताराम ठाकुर, विकास मित्र विजय कुमार, अजय कुमार दास, बालेश्वर राम, चंदू राम, श्यामजी राम, अजय पासवान आदि ने बताया कि इस हृदयविदारक घटना के बाद से अभी तक किसी के घर में चूल्हा तक नहीं जला है। सभी लोग इस घटना से मर्माहत हैं।