भूमि विवाद में पूर्व पंचायत समिति सदस्य को मारी गोली
कककककककककककककककककककककककककककककककककककककककककककककककककक
संवाद सूत्र, हाजीपुर:
सदर थाना क्षेत्र के भूमि विवाद में अफजलपुर धोबघट्टी पंचायत के पूर्व पंचायत समिति सदस्य व पटिल्ही गांव निवासी 48 वर्षीय प्रभात चंद्र को गोली मार दी गई। बुरी तरह जख्मी अवस्था उन्हें हाजीपुर सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। घटना गुरुवार की संध्या लगभग साढ़े छह बजे की है। उन्हें दो गोलियां लगी हैं। गोली मारने का आरोप पट्टिदार भतीजे रूपेश कुमार पर लगा है। घटना की जानकारी मिलने पर सदर थाने की पुलिस गांव में पहुंची और घटना की जानकारी ली। घटना का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है।
घटना के संबंध मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम रूपेश हथियार लेकर प्रभात चंद्र के घर पर आ धमका और पिस्टल लहराते हुए गाली-गलौज करने लगा। प्रभात चंद्र के बेटे ने इसकी जानकारी घर के अंदर जाकर अपने पिता को दी। प्रभात चंद्र ने गांव के लोगों को मोबाइल से इस बाबत जानकारी दी और घर के बाहर निकले। बताया जा रहा है कि रूपेश फूलों की झाड़ी के आड़ में छुप गया और मौका पाकर प्रभात चंद्र पर गोली चला दी। प्रभात चंद्र को सीने में दो गोलियां लगीं। घटना को अंजाम देकर रूपेश भाग निकला। गोलियों की आवाज सुनकर वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सदर थाने की पुलिस को घटना की सूचना दी गई। ग्रामीण आनन-फानन में घायल प्रभात को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। इधर गांव में पहुंची सदर थाने की पुलिस ने रूपेश को ढूंढने का काफी प्रयास किया लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस गांव के माहौल पर नजर रख रही है। सदर थानाध्यक्ष रोहन कुमार ने बताया कि गोली मारने का आरोप पट्टिदार भतीजे रूपेश पर है। घटनास्थल से पुलिस ने एक बाइक और एक खोखा बरामद किया गया है। पुलिस रूपेश को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।