हाजीपुर: घर के पास मिलेगा सरकारी सेवाओं का लाभ, सभी प्रखंड और नगर निकायों में लगेगा सहयोग शिविर
हाजीपुर जिले में आज सभी प्रखंडों और नगर निकायों में 'सहयोग शिविर' आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन ...और पढ़ें

हाजीपुर में आज लगेंगे सहयोग शिविर, घर बैठे मिलेंगी सरकारी सेवाएं (AI Generated Image)
HighLights
आमजन को घर के पास मिलेंगी विभिन्न सरकारी सेवाएं।
लोक शिकायतों का 30 दिनों में होगा त्वरित निष्पादन।
जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से मिलेगी मुक्ति।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। सबका सम्मान-जीवन आसान कार्यक्रम के तहत आमलोगों को उनके निवास क्षेत्र के निकट ही विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने तथा लोक शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन के उद्देश्य से मंगलवार को जिले के सभी प्रखंडों की चयननित पंचायतों एवं विभिन्न नगर निकायों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत का अधिकतम 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करना अनिवार्य है। इसी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पंचायत एवं नगर निकाय स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय का अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर 15 सितंबर को आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।
शिविरों में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहेंगे तथा आमजन की शिकायतों एवं आवेदनों को प्राप्त कर उनका नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
शिविर में प्राप्त आवेदनों का पंजीकरण, आवश्यकतानुसार सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोडिंग तथा संबंधित विभाग को अग्रसारित करने की व्यवस्था रहेगी। आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर स्थलों पर आवश्यक तकनीकी एवं मूलभूत व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
जिलाधिकारी ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकट आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायतों, समस्याओं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदनों का समाधान तथा आवश्यक सेवाओं का लाभ प्राप्त करें।
सहयोग पोर्टल अथवा सहयोग शिविर से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी एवं सहायता के लिए राज्य सरकार के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर संपर्क किया जा सकता है।
इन पंचायतों में लगेगा सहयोग शिविर
हाजीपुर सदर प्रखंड में विशुनपुर बसंत उर्फ सुभई, भगवानपुर में करहरी, बिदुपुर में शितलपुर कमालपुर, लालगंज में करताहां बुजुर्ग, राघोपुर में पहाड़पुर पूर्वी, पटेढ़ी बेलसर में नगवां, वैशाली में रहिमपुर, महुआ में मंगुराही, पातेपुर में लदहो, गोरौल में रघुनाथपुर बेलीशंड, चेहराकलां में मथना मिलिक, जंदाहा में रसुलपुर पुरुषोत्तम, राजापाकर में बाकरपुर, महनार में हसनपुर ओस्ती, देसरी में धर्मपुर राम राय तथा सहदेई बुजुर्ग प्रखंड की बाजितपुर चकसुंदरी पंचायत।
नगर निकायों में यहां लगेगा शिविर
हाजीपुर नगर परिषद के सामुदायिक भवन, कार्यालय परिसर, वार्ड नंबर-28, महुआ नगर परिषद के वार्ड नंबर-03, सामुदायिक भवन, तौहीत पोखर, गोरौल नगर पंचायत के वार्ड नंबर-11, सामुदायिक भवन, माई स्थान के निकट, पातेपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर -09, कार्यालय, महनार नगर परिषद के वार्ड नंबर-11, सामुदायिक भवन, सब्जी मंडी, लालगंज नगर परिषद के वार्ड नंबर-04, सामुदायिक भवन, जगदंबा स्थान के निकट और जंदाहा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-05, उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय, जंदाहा।
