नाव की नहीं हुई व्यवस्था, इलाज के अभाव में गर्भवती महिला की हुई मौत
जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के शिवनगर विश्राम टोला में इलाज के अभाव में गर्भवती महिला की मौत हो गई। मृतका जुड़ावनपुर बरारी पंचायत के शिवनगर विश्राम टोला निवासी अशोक राय की 32 वर्षीया पत्नी देवंती देवी थी। मिली जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार को महिला के अचानक पेट में दर्द शुरू हुआ।
संवाद सूत्र, राघोपुर :
जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के शिवनगर विश्राम टोला में इलाज के अभाव में गर्भवती महिला की मौत हो गई। मृतका जुड़ावनपुर बरारी पंचायत के शिवनगर विश्राम टोला निवासी अशोक राय की 32 वर्षीया पत्नी देवंती देवी थी। मिली जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार को महिला के अचानक पेट में दर्द शुरू हुआ। परिवार वालों ने इलाज के लिए पटना या बख्तियारपुर ले जाने के लिए नाव को खोजने का काफी प्रयास किया। लेकिन नाव नहीं मिलने के कारण मजबूरन ग्रामीण डॉक्टर से महिला का इलाज कराया गया। महिला के पेट में दर्द धीरे-धीरे बढ़ता गया और महिला ने लगभग तीन बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के संबंध में मृतका के देवर अविनाश कुमार ने बताया कि महिला गर्भवती थी। मंगलवार को अचानक दोपहर पेट में बहुत तेज दर्द होने लगा। देवंती देवी दर्द से तड़प रही थी। नाव की काफी खोज की गई। लेकिन नाव नहीं मिलने के कारण स्थानीय ग्रामीण डॉक्टर से महिला का इलाज शुरू कराया गया। लगभग तीन बजे महिला ने तेज दर्द के कारण दम तोड़ दिया। बताया कि अगर समय पर नाव मिल जाती तो महिला को इलाज के लिए बख्तियारपुर ले जाया जाता और तब शायद वह बच जाती। मृतका के पति अशोक राय किसान हैं। मृतका के दो पुत्र एवं दो पुत्री हैं। मृतक 11 वर्षीय पुत्री रविता कुमारी, पांच वर्षीय पुत्री कविता कुमारी, तीन वर्षीय पुत्र विशाल कुमार तथा दो वर्षीय पुत्र अमरेश कुमार है।
बीते राघोपुर प्रखंड में 18 दिन से बाढ़ की त्रासदी में अब तक चार लोगों की मौत पानी में डूबने से हो गई है। प्रसव के दौरान एक नवजात की भी मौत हो चुकी है। बीते 20 सितंबर को रामपुर श्यामचंद पंचायत में शौच के दौरान मुसाफिर राय के 6 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार एवं 21 सितंबर को मोहनपुर पंचायत के जगदीशपुर गांव में धर्मवीर राय की तीन वर्षीया पुत्री तनु कुमारी की शौच के दौरान बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई थी। वहीं 23 सितंबर को राघोपुर पश्चिमी निवासी 50 वर्षीय अशोक सिंह की मौत राशन लाने के दौरान पानी में डूबने से हो गई थी जबकि 24 सितंबर को जफराबाद पंचायत के शत्रुघ्न राय के 20 वर्षीय पुत्र पंजाबी कुमार की मौत भी घर का राशन लाने के दौरान ढाब के पानी में डूबने से हो गई थी।