पप्पू के वैशाली में विवादित बोल, 'अपराधियों व भ्रष्ट नेताओं को जलाकर राख कर दें'
वैशाली के जंदाहा में लगातार हो रही घटनाओं के बाद सोमवार को जाप के राष्ट्रीय संरक्षक सह सांसद पप्पू यादव वहां पहुंचे। लोगों के आक्रोश का समर्थन करते हुए विवादित बयान भी दिये।
वैशाली [जेएनएन]। वैशाली के जंदाहा में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बाद सोमवार को जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक सह सांसद पप्पू यादव वहां पहुंचे। लोगों के आक्रोश का समर्थन करते हुए विवादित बयान भी दिये। उन्होंने कहा कि खुद की रक्षा के लिए अब जनता को करो या मरो के नारे के साथ हथियार उठाने की जरूरत है।
सांसद पप्पू यादव इतना पर ही नहीं रुके। उन्होंने लोगों से भ्रष्ट नेताओं, अपराधियों व माफियाओं को जलाकर राख कर देने का भी आह्वान किया। इसके अलावा उन्होंने चेंबर ऑफ कॉमर्स, सरकार व विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार अगर अपराधियों पर काबू पाने में विफल साबित हो रही है तो वह उन्हें अपराधियों का सामना करने की अनुमति दे। इसके बाद पूरे बिहार के अपराधियों से पप्पू यादव खुद समझ लेगा।
इधर सोमवार को जंदाहा में व्यवसायी की हत्या के विरोध में लोगों में जबर्दस्त आक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित लोगों ने शव के साथ जंदाहा बाजार को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मृत व्यवसायी का शव उठाने का पुलिस ने कई बार किया प्रयास किया, लेकिन लोगों के जबर्दस्त विरोध की वजह से पुलिस को हर बार पीछे हटना पड़ा।
वहीं जंदाहा पहुंचे पप्पू यादव ने पीड़ित परिवार से मिले। साथ ही जाम स्थल पर जाकर आक्रोशित लोगों व व्यवसायियों से भी मुलाकात की। उन्होंने लोगों की आवाज सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, साथ ही उन्होंने अपराधियों के नहीं पकड़े जाने पर आंदोलन करने की भी बात कही।