ट्रक की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत
वैशाली। बिदुपुर से अपनी ससुराल जा रहे मर्चेंट नेवी में कार्यरत एक बाइक सवार युवक की मौत महुआ-हाजीपुर सड़क के बेलकुंडा चौक के निकट एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ जाने से घटनास्थल पर ही हो गई।
वैशाली। बिदुपुर से अपनी ससुराल जा रहे मर्चेंट नेवी में कार्यरत एक बाइक सवार युवक की मौत महुआ-हाजीपुर सड़क के बेलकुंडा चौक के निकट एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ जाने से घटनास्थल पर ही हो गई। घटना शुक्रवार की दोपहर की है। युवक की मौत की खबर उसके घर में मिलते ही कोहराम मच गया। दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने महुआ-हाजीपुर सड़क को वेलकुंडा के निकट जाम कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बिदुपुर थाना क्षेत्र की माइल पंचायत के पकड़ी गांव निवासी महेश शाह के पुत्र 30 वर्षीय मनोज साह मर्चेंट नेवी में कार्यरत था तथा छुट्टी में अपने घर आया हुआ था। घर से शुक्रवार की दोपहर वह अपनी पैंशन प्रो बाइक के जरिए अपनी ससुराल के लोगों से मिलने महुआ आ रहा था। इसी बीच महुआ-हाजीपुर सड़क पर वेलकुंडा चौक के निकट एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ जाने से मनोज की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मनोज की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर महुआ पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। मनोज के पास से मिले मोबाइल के जरिए घटना की सूचना घर वालों को दी गई।
सूचना मिलते ही घर से सारे लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों के पहुंचते ही वहां कोहराम मच गया। पूरा वातावरण गमगीन हो गया। मनोज के पिता महेश शाह कोलकाता में व्यवसाय करते हैं। परिजनों ने बताया कि चार वर्ष पूर्व ही मनोज की शादी हुई थी। मनोज को एक छोटी पुत्री भी है। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया। घटना को लेकर दो घंटे तक सड़क लोगों ने जाम रखा। प्रशासन ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सड़क जाम समाप्त कराया। चार साल में ही नीतू की उजड़ गई दुनिया
संवाद सहयोगी, महुआ :
शादी के मात्र चार साल में ही नीतू की दुनिया उजड़ गई। उसके पति मनोज की मौत शुक्रवार को महुआ थाने के बेलकुंडा में ट्रक की चपेट में आने से हो गई। पति की मौत की खबर मिलते ही नीतू का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। मनोज की शादी चार वर्ष पूर्व जंदाहा के बेसहो गांव के नीतू कुमारी के साथ हुई थी। उसे तीन साल की पुत्री भी है। मनोज की सास स्कूल में शिक्षिका हैं तथा पूरे परिवार के साथ वह महुआ में ही रहती हैं।
मालूम हो कि शुक्रवार की दोपहर मनोज अपनी बाइक से अपने घर से महुआ में ससुराल के लोगों से मिलने के लिए आ रहा था। इसी बीच हाजीपुर-महुआ सड़क पर वेलकुंडा के निकट सड़क दुर्घटना में मनोज की मौत हो गई। महेश साह के पुत्र मनोज की मौत की खबर उसके घर एवं महुआ मिलते ही दोनों जगहों के परिवार वालों का हाल बुरा है। घर के लोगों ने बताया कि महेश साह के तीन पुत्र हैं। एक पुत्र शत्रुघ्न पिछले कई माह से गायब है तथा आज तक वह नहीं मिला। शुक्रवार को उनके दूसरे पुत्र की भी मौत हो गई। अब मात्र एक पुत्र सुबोध घर पर है। मर्चेंट नेवी में कार्य करने वाले मनोज की हुई दर्दनाक मौत से दो परिवारों पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है।