पटना से धराया वैशाली का बड़ा शराब माफिया चंदन सिंह: महुआ, भगवानपुर और औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज हैं कई केस
वैशाली के कुख्यात शराब माफिया सुमित कुमार उर्फ चंदन सिंह को औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने पटना से गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

तस्कर गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
वैशाली का कुख्यात शराब माफिया चंदन सिंह पटना से गिरफ्तार।
माफिया पर महुआ, भगवानपुर, औद्योगिक क्षेत्र में 17 केस दर्ज।
2026 में 8863 लीटर शराब बरामदगी मामले में वांछित था।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। वैशाली जिले के कुख्यात शराब माफिया को औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने पटना से गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार माफिया की पहचान महुआ थाना क्षेत्र के रहने वाले सुमित कुमार उर्फ चंदन सिंह के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध कुल 17 मामले दर्ज हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार चंदन सिंह के विरुद्ध 14 मामले महुआ थाना, 2 मामले भगवानपुर थाना और एक मामला औद्योगिक क्षेत्र थाना में दर्ज है। पुलिस गिरफ्तार माफिया से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई में जुटी है।
5-6 लोग अंधेरे का लाभ उठाकर भागा
गौरतलब है कि 12 मार्च 2026 को औद्योगिक थाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित हैचरी फैक्ट्री के निकट से एक ट्रक से 8863.56 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की थी।
इस मामले में थानाध्यक्ष अरविंद पासवान ने ट्रक चालक, मालिक मनोज कुमार निराला पिता मोहन राय करणपुर थाना बोचहां जिला मुजफ्फरपुर, राहुल सिंह पिता रत्नेश सिंह ग्राम निजमा, सुमित कुमार उर्फ चंदन पिता उमेश सिंह भूसा थाना महुआ, विकास कुमार उर्फ बालाजी पिता बासकित सिंह माधोपुर थाना महुआ और अमित सिंह एकारा थाना सदर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल सिंह, सुमित उर्फ चंदन, विकास उर्फ बालाजी और अमित सिंह अपने अन्य साथियों के साथ सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (CIPET) एवं रोहिणी हैचरी फैक्ट्री के पास शराब लदा ट्रक खड़ा कर बिक्री के लिए साथियों का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस को देखते ही 5-6 लोग अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। तलाशी में ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई थी।
पुलिस ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और इस तरह अवैध शराब का कारोबार संज्ञेय अपराध है। आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।
