विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में जलप्रलय का दर्द पहुंचा बिहार, गंडक नदी में बहकर आ रहे अपनों के शव और विदेशी नोट

Published: Tue, 01 Sep 2026 09:51 PM (IST)

नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई तबाही के निशान अब बिहार के सोनपुर तक पहुंच गए हैं। गंडक नदी ...और पढ़ें

नेपाल में जलप्रलय बाद गंडक में बहकर सोनपुर पहुंच रही कई देशों की करेंसी

नेपाल में जलप्रलय बाद गंडक में बहकर सोनपुर पहुंच रही कई देशों की करेंसी

HighLights

  1. नेपाल बाढ़ से तबाही के निशान सोनपुर पहुंचे।

  2. गंडक नदी में बहकर आए शव और विदेशी नोट।

  3. मछुआरों को मिला सूडान, पाकिस्तान, फ्रांस की करेंसी।

शंकर सिंह, सोनपुर। नेपाल में जलप्रलय से हुई भीषण तबाही का दृश्य अभी भी सोनपुर के कालीघाट से गंडक नदी में बहते शवों और बिखरे कई देशों के रुपये के रूप में दिखाई पड़ रहा है।

इस महा जलप्रलय में लापता हुए अपने जिन प्यारे दुलारे को स्वजन नेपाल में ढूंढ रहे हैं, उनके शव लाश बनकर गंडक नदी की तेज धारा में बहते यहां तक पहुंच चुके हैं और गमगीन लोग खड़े होकर उन्हें देख रहे हैं।

नेपाल में आई भीषण त्रासदी और तबाही के बाद गंडक नदी का तेज बहाव अब उसके निशान सोनपुर तक पहुंचा रहे है। कालीघाट तट पर मछुआरों के जाल में कई देशों की करेंसी के साथ अनेक शवों के मिलने की सूचना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों से गंडक के बहाव में नेपाल में हुई तबाही की भयावह तस्वीर दिखाई देने लगी है।

सोनपुर के काली घाट पर मछली पकड़ने के दौरान मछुआरों के जाल में सूडान, पाकिस्तान, नेपाल, फ्रांस और भूटान समेत कई अन्य देशों के नोट मिले हैं। नदी में इतनी दूर से अलग-अलग देशों की करेंसी पहुंचने की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है।

लोगों का कहना है कि नेपाल में बाढ़ के दौरान तेज धारा में बहा सामान गंडक के रास्ते सोनपुर तक पहुंच रहा है। वहीं गंडक नदी में शव बरामद होने की सूचना से हड़कंप मच गया।

स्थानीय मछुआरे दिनेश सहनी के अनुसार उन्होंने अब तक नदी में अनेक शवों को बहते हुए देखा हैं। हालांकि, इन बहते शवों की पहचान और उनके नेपाल से बहकर आने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गंडक नदी का तेज बहाव अब सिर्फ जलस्तर ही नहीं, बल्कि नेपाल में आई आपदा के असर को भी सोनपुर तक पहुंचाता नजर आ रहा है।

नेपाल से हरिहर क्षेत्र सोनपुर धार्मिक यात्रा पर अपनी पत्नी के साथ पहुंचे रूद्र शर्मा ने मंगलवार की शाम बताया कि इस जल प्रलय से नेपाल में भारी तबाही हुई है। भारत सहित विभिन्न देशों के अनेक पर्यटक अभी तक लापता है। उन्होंने बताया कि हजारों लोग कहां चले गए, कुछ पता नहीं चल सका।

इधर, मछुआरे नदी की तेज धारा में बह रहे मलबों के बीच पहुंचकर नेपाल के अनेक स्थानों से आए मलबों में से अपनी जरूरत के कई सामान छान रहे हैं। इनमें घरों की चौखट, किवाड़, खिड़कियां, बर्तन, ड्रम, डिब्बे, बेड से लेकर गैस सिलेंडर और कीमती लकड़ियां तथा अन्य सामान्य शामिल है।