विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल की तबाही का खौफनाक मंजर पहुंचा सोनपुर! गंडक में बहता आया मलबा, लकड़ी और शव देख कांप उठे लोग

Published: Fri, 28 Aug 2026 05:53 PM (GMT+05:30)

नेपाल में आई भीषण बाढ़ का मलबा अब गंडक नदी के रास्ते सोनपुर पहुंच गया है, जहां शुक्रवार को बड़ी ...और पढ़ें

पुल और घाट के पास दिखा डराने वाला नजारा

पुल और घाट के पास दिखा डराने वाला नजारा

HighLights

  1. नेपाल बाढ़ का मलबा गंडक नदी के रास्ते सोनपुर पहुंचा।

  2. नदी में लकड़ी, घरेलू सामान और शव बहते हुए दिखे।

  3. तेज बहाव में सामान निकालने का प्रयास खतरनाक हो सकता है।

शंकर सिंह, सोनपुर(वैशाली)। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और जल प्रलय की तबाही का असर अब गंडक नदी के रास्ते बिहार के सोनपुर तक दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को नदी में बड़ी मात्रा में मलबा, लकड़ियां, घरेलू सामान और अन्य वस्तुएं बहती नजर आईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मलबे के बीच इंसानों और मवेशियों के शव भी दिखाई दिए। नदी का यह मंजर देखकर किनारे पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

गंडक की लहरों ने सुनाई नेपाल की तबाही की कहानी

नेपाल में बुधवार को आई भीषण बाढ़ के बाद तबाही का मलबा अब गंडक नदी के साथ बहते हुए सोनपुर पहुंच रहा है। शुक्रवार सुबह अचानक नदी में बड़ी मात्रा में लकड़ी, टीन, घरेलू सामान और टूटे हुए निर्माणों का मलबा दिखाई देने लगा।

तेज धार के साथ बहती इन वस्तुओं को देखकर लोगों ने नेपाल में हुए नुकसान का अंदाजा लगाया। सुबह से लेकर शाम तक लोग नदी किनारे खड़े होकर इस भयावह दृश्य को देखते रहे।

पुल और घाट के पास दिखा डराने वाला नजारा

पुरानी गंडक पुल और नमामि गंगे घाट के आसपास नदी का दृश्य बेहद भयावह नजर आया। तेज बहाव में क्षतिग्रस्त मकानों, दुकानों और अन्य निर्माणों का मलबा बहता दिखाई दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मलबे के बीच कई शव भी नजर आए। इनमें इंसानों के साथ गाय, भैंस, बकरी, कुत्ते और सूअर जैसे जानवरों के शव होने की बात कही गई।

गैस सिलिंडर से लेकर फर्नीचर तक बहता आया सामान

गंडक नदी में बहकर आए मलबे के बीच गैस सिलिंडर भी दिखाई दिए। इसके अलावा लकड़ी, टीन, फर्नीचर और घरों व दुकानों में इस्तेमाल होने वाली कई वस्तुएं तेज धारा के साथ बहती रहीं।

नदी में दूर-दराज से पहुंचा यह सामान बाढ़ की भयावहता का संकेत दे रहा था। लोगों का कहना था कि तेज बहाव अपने साथ रास्ते में आने वाली हर चीज को बहाकर ला रहा है।

मलबा देखने के लिए नदी किनारे उमड़ पड़ी भीड़

गंडक नदी में बहते मलबे को देखने के लिए सुबह से ही पुरानी गंडक पुल और आसपास के घाटों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। लोग नदी किनारे खड़े होकर लगातार बहकर आ रहे सामान को देखते रहे।

इस दौरान नेपाल में आई बाढ़ और वहां हुई तबाही को लेकर चर्चाएं होती रहीं। नदी के पानी के साथ बहकर आए सामान को देखकर कई लोग स्तब्ध नजर आए।

तेज धार में उतरे लोग, लकड़ी और सामान निकालने की कोशिश

नदी में बहकर आ रही लकड़ी और अन्य वस्तुओं को निकालने के लिए कुछ लोग तेज बहाव के बावजूद पानी की ओर बढ़ते दिखाई दिए। कुछ लोग छोटी-छोटी टोलियों में नदी की बीच धार तक पहुंचने का प्रयास करते रहे।

किसी के हाथ में लकड़ी की सीढ़ी तो कोई दूसरी वस्तुओं को पकड़ने की कोशिश करता नजर आया। हालांकि, तेज बहाव के बीच इस तरह नदी में उतरना बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है।

गंडक की रफ्तार ने बढ़ाई चिंता, आगे गंगा की ओर बढ़ रहा मलबा

गंडक नदी में इस समय पानी का बहाव काफी तेज है और उसके साथ मलबा तेजी से दक्षिण दिशा की ओर बढ़ रहा है। आगे चलकर गंडक का पानी गंगा नदी में मिल जाता है।

ऐसे में नदी के साथ बहते मलबे और अन्य अवशेषों को लेकर निचले इलाकों के लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। तेज धार में उतरकर सामान निकालने की कोशिश खतरनाक हो सकती है और लोगों को नदी से दूरी बनाए रखने की जरूरत है।