राघोपुर में 40 वर्षीय अधेड़ की गोली मारकर हत्या, गांव में तनाव
जुड़ावनपुर थाने के राघोपुर पश्चिमी में पूर्व विवाद में 40 वर्षीय अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक वार्ड नंबर 10 निवासी जागेश्वर महतो के 40 वर्षीय पुत्र रंजीत महतो उर्फ कारी महतो बताया गया है।
संवाद सूत्र, राघोपुर : जुड़ावनपुर थाने के राघोपुर पश्चिमी में पूर्व विवाद में 40 वर्षीय अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक वार्ड नंबर 10 निवासी जागेश्वर महतो के 40 वर्षीय पुत्र रंजीत महतो उर्फ कारी महतो बताया गया है। इस संबंध में पिता जागेश्वर महतो के बयान पर गांव के ही बटोरन महतो के पुत्र सुबोध महतो उर्फ खिचका एवं स्वर्गीय देव प्रसाद महतो के पुत्र विजन महतो के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी के आलोक में जुड़ावनपुर थाने की पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।
बताते हैं कि गत रात लगभग 9.30 बजे रंजीत महतो उर्फ कारी महतो को पूर्व विवाद के कारण गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक को एक गोली सिर में लगी है। घटना के समय रंजीत शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने रंजीत महतो को गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। वहीं घटना के बाद मृतक के स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के पिता ने बताया कि गत रात गाय बांध रहे थे। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे तो सुबोध और विजन भाग रहा था। आगे बढ़ कर देखा तो रंजीत जमीन पर खून से लथपथ होकर गिरा था। बताते हैं कि जागेश्वर महतो एवं सुबोध महतो के बीच कुछ माह पूर्व मारपीट की घटना हुई थी। जिसको लेकर दोनों पक्षों की तरफ से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
सूत्रों का कहना है कि सुबोध उर्फ खिचका पहले भी कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। मृतक रंजीत कुमार उर्फ कारी महत़ो नाव पर मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था। मृतक को पत्नी एवं आठ छोटे-छोटे बच्चे भी है। बच्चों में तीन बेटा एवं पांच बेटी है। सबसे छोटा लड़का मात्र 4 दिन का है। थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।