विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैशाली: महुआ पशु व्यापारी हत्याकांड का राजफाश, लाइनर ने दी थी लोकेशन; 2 शूटर हथियार के साथ गिरफ्तार

Published: Wed, 09 Sep 2026 03:07 PM (IST)

महुआ में पशु व्यापारी लक्ष्मण राय की लूट के दौरान हुई हत्या का पुलिस ने सफल राजफाश कर लिया है। ...और पढ़ें

महुआ पशु व्यापारी हत्याकांड का राजफाश, 2 शूटर हथियार के साथ गिरफ्तार

महुआ पशु व्यापारी हत्याकांड का राजफाश, 2 शूटर हथियार के साथ गिरफ्तार

HighLights

  1. पशु व्यापारी लक्ष्मण राय हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा।

  2. दो शूटर मनीष कुमार और कुंदन कुमार हथियार सहित गिरफ्तार।

  3. लाइनर ने दी थी सूचना, मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी से आए थे बदमाश।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। महुआ थाना क्षेत्र के फुदैनी पोखर के निकट बीती 1 सितंबर को पशु व्यापारी लक्ष्मण राय की लूट के दौरान हत्या और उनके पुत्र मिथिलेश को गोली मारकर जख्मी करने के मामले का पुलिस ने सफल राजफाश कर लिया है।

पुलिस ने दो शूटरों को अवैध पिस्टल, चार कारतूस, लूट में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल और घटना के समय पहना गया कपड़ा-थैला के साथ बगहिया पुल के पास से गिरफ्तार किया है।

वैशाली के वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना के दिन बाइक सवार पशु व्यापारी पिता-पुत्र को तीन बदमाशों ने फुदैनी पोखर के पास लूटने की कोशिश की थी।

इसी दौरान हाथापाई में बदमाश कुंदन कुमार के हाथ में चोट लगी और उसी ने गोली चला दी, जिससे लक्ष्मण राय की मौके पर मौत हो गई और मिथिलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में महुआ थाना कांड संख्या 933-26 दर्ज किया गया था।

लाइनर ने पशु हाट से किया था पीछा

एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में कुल पांच बदमाशों की भूमिका सामने आई है। एक और बदमाश का नाम सामने आ रहा है। मुख्य लाइनर पशु हाट से ही व्यापारी का पीछा कर रहा था। उसे पता था कि व्यापारी के पास डेढ़ से पौने दो लाख रुपये कैश है।

लाइनर ने लोकेशन शेयर कर मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी से बदमाशों को बुलाया। घटनास्थल पर तीन बदमाश मौजूद थे। लूटे गए रुपये अभी बरामद नहीं हुए हैं। एक लाइनर सहित तीसरे बदमाश की पहचान हो गई है, उसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।

गिरफ्तार किए गए आरोपित मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी के

एसपी ने बताया है कि इस हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कच्ची पक्की ओपी के सुस्ता माधोपुर निवासी महेंद्र राय के पुत्र मनीष कुमार और सीतामढ़ी जिले के महिंदवाड़ा थाना क्षेत्र के शुगरी डीह निवासी सिकंदर राय के पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है।

दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। महुआ थाना में नया कांड संख्या 961-26 दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।

गिरफ्तार मनीष बताया गया है शातिर बदमाश

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए मनीष कुमार का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर सदर थाना में कांड संख्या 578-21 ट्रक चोरी, मनिहारी थाना में 221-25 आर्म्स एक्ट और गोरौल थाना में 378-23 लूट का केस दर्ज है।

कांड का राजफाश करने के लिए एसडीपीओ महुआ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद और जिला आसूचना इकाई डीआइयू की टीम को शामिल कर एसआइटी का गठन किया गया था।