विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी की जिद में हाईटेंशन टावर पर चढ़ी युवती का 9 घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा, प्रेमी के समझाने पर नीचे उतरी

Published: Wed, 08 Apr 2026 01:55 AM (IST)

महनार में एक युवती प्रेमी से शादी की जिद में हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई। नौ घंटे चले इस हाई ...और पढ़ें

9 घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

9 घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, महनार। महनार के स्टेशन रोड स्थित झुरुखिया के पास सोमवार को प्रेमी से शादी की जिद में एक युवती बिजली के हाईटेंशन वायर के टावर पर चढ़ गई। करीब नौ घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे का देर रात पटाक्षेप हुआ, जब समझाने के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतरी। अब पुलिस इस मामले में यह जांच कर रही है कि वह किसके उकसावे पर टावर पर चढ़ी थी।

मिली जानकारी के अनुसार महनार नगर के टांरा चौड़ी निवासी युवती प्रेमी से शादी की जिद को लेकर झुरुखिया के पास बाढ़ एनटीपीसी से उत्तर प्रदेश जा रही बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और नौ घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। 

प्रेमी के समझाने पर नीचे उतरी युवती

जब कथित प्रेमी मौके पर पहुंचा और समझाया, तब युवती नीचे उतरने को तैयार हुई। इस दौरान महनार एसडीओ नीरज कुमार, एसडीआरएफ, अग्निशमन टीम और महनार थाना की पुलिस लगातार मौके पर मौजूद रही और युवती को सुरक्षित नीचे लाने का प्रयास करती रही। 

टावर के नीचे खड़े स्वजन, स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम लगातार युवती को नीचे उतरने के लिए मनाते रहे। मोबाइल के जरिए उससे संपर्क कर समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह बार-बार अपनी जिद पर अड़ी रही। 

लगातार कई घंटे तक चले प्रयास और समझाइश के बाद देर रात युवती नीचे उतरी। इसके बाद उसे महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में लेकर थाना लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।

बहन की भूमिका संदिग्ध, जांच जारी

महनार एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि युवती की बड़ी बहन की संदिग्ध भूमिका सामने आ रही है। आशंका है कि वह मोबाइल के जरिए युवती को गाइड कर रही थी। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी के उकसावे या लापरवाही की बात सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।