वैशाली में महात्मा गांधी ब्रिज पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 2 युवकों की मौत, पूर्वी लेन पर लगा जाम
हाजीपुर में महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी लेन पर एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
HighLights
अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवारों को मारी टक्कर।
हादसे में दो बाइक सवारों की मौके पर मौत।
महात्मा गांधी सेतु के पूर्वी लेन पर लगा जाम।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। महात्मा गांधी सेतु पुल के पूर्वी लेन पाया नंबर 26 के पास शनिवार की रात अनियंत्रित ट्रक की ठोकर से बाइक सवार दो व्यक्ति की मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और पूर्वी लेन पूरी तरह जाम हो गया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति हाजीपुर से पटना की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान पाया नंबर 26 के पास तेज रफ्तार ट्रक ओवरटेक करने के क्रम में पीछे से बाइक में ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्ति ट्रक के चक्के के नीचे आ गए और करीब 20 मीटर तक पुल पर घिसटते चले गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ठोकर मार कर भाग रहे ट्रक को एक राहगीर बाइक सवार ने पीछा कर करीब डेढ़ किलोमीटर आगे जाकर चालक सहित पकड़ लिया।
मौके पर पहुंची पुलिस
राहगीरों ने घटना की जानकारी डायल 112 और गंगा ब्रिज थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गंगा ब्रिज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। हादसे के बाद हाजीपुर से पटना जाने वाले मार्ग पर भीषण जाम लग गया। जाम को हटाने में यातायात थाना एवं गंगा ब्रिज थाने की पुलिस जुटी रही। पुलिस शव की पहचान कर स्वजन को सुचना देने में जुटी है।
