विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी: 1 सितंबर से चलेगी भारत गौरव ट्रेन, 4 ज्योतिर्लिंग और शिरडी साईं के होंगे दर्शन

Published: Sat, 22 Aug 2026 07:00 AM (IST)

भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) 1 सितंबर 2026 से श्रद्धालुओं के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन चलाएगा।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. आईआरसीटीसी भारत गौरव ट्रेन 1 सितंबर 2026 से शुरू।

  2. उज्जैन, नासिक, शिरडी, एलोरा के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन।

  3. तीन श्रेणियों में उपलब्ध, हाजीपुर सहित 14 स्टेशनों से बोर्डिंग।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) श्रद्धालुओं के लिए 01 सितंबर 2026 से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन करेगा।

आईआरसीटीसी पटना के क्षेत्रीय प्रबंधक कन्हैया शर्मा ने बताया कि पैकेज कोड ईजेडबीजी-32 के तहत यह ट्रेन बेतिया से रवाना होगी और हाजीपुर सहित 14 स्टेशनों से यात्री इसमें सवार हो सकेंगे।

आठ रात और नौ दिन की इस धार्मिक यात्रा में उज्जैन के महाकालेश्वर व ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, नासिक के त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, शिरडी स्थित श्रीसाईं बाबा मंदिर, छत्रपति संभाजीनगर के घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग तथा एलोरा की विश्व प्रसिद्ध गुफाओं के दर्शन कराए जाएंगे।

आईआरसीटीसी के मुख्य पर्यवेक्षक संजीव कुमार ने बताया कि यात्रा के लिए अब तक करीब 340 सीटों की बुकिंग हो चुकी है, जबकि लगभग 160 सीटें अभी उपलब्ध हैं।

यात्रियों के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इकोनॉमी क्लास का किराया 18,160 रुपये, स्टैंडर्ड क्लास का 32,550 रुपये तथा कम्फर्ट क्लास का 39,425 रुपये प्रति यात्री रखा गया है। तीनों श्रेणियों में रेल यात्रा, ठहरने, भोजन और स्थानीय परिवहन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इन स्टेशनों पर मिलेगी बोर्डिंग की सुविधा

यात्रियों को बेतिया, सुगौली, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, दिलदार नगर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और प्रयागराज छिवकी स्टेशनों से बोर्डिंग की सुविधा मिलेगी।

पैकेज में रेल यात्रा, आवास, शाकाहारी भोजन, स्थानीय भ्रमण, सुरक्षा तथा यात्रा बीमा शामिल है। अधिक जानकारी एवं बुकिंग के लिए यात्री आईआरसीटीसी हेल्पलाइन या वेबसाइट से संपर्क कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- Indian Railways : अब ट्रेन के डॉग बाक्स में यात्रा करेगा सिर्फ एक पालतू श्वान, रेलवे ने बदल दिया है नियम