विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

22.728 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्करों का नेटवर्क ध्वस्त, हाजीपुर से 6 गिरफ्तार

Published: Tue, 23 Jun 2026 10:02 PM (IST)

वैशाली पुलिस ने 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत हाजीपुर में 22.728 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्करों के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

बरौनी से पीछा कर हाजीपुर में दबोचा

बरौनी से पीछा कर हाजीपुर में दबोचा

HighLights

  1. वैशाली पुलिस ने 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत कार्रवाई की।

  2. हाजीपुर से 22.728 किलो गांजा और 6 तस्कर गिरफ्तार।

  3. त्रिपुरा से ट्रेन द्वारा गांजा तस्करी का नेटवर्क ध्वस्त।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर(वैशाली)। ऑपरेशन नीलकंठ के तहत वैशाली पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। नगर थाना पुलिस ने हाजीपुर रेलवे स्टेशन के बाहर से 22.728 किलो गांजा और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने नगर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।

गुप्त सूचना पर बनी विशेष टीम

एसपी ने बताया कि सूचना मिली थी कि बिदुपुर थाना क्षेत्र के कुछ लोग त्रिपुरा के अगरतला से गुवाहाटी होते हुए ट्रेन के जरिए गांजा लाकर हाजीपुर और आसपास के इलाकों में सप्लाई करते हैं। इसके बाद सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

दंडाधिकारी, नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने हाजीपुर रेलवे स्टेशन के बाहर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस को सूचना मिली कि तस्कर ट्रेन से गांजा लेकर आने वाले हैं।

बरौनी से पीछा कर हाजीपुर में दबोचा

वैशाली पुलिस के दो जवान सिविल ड्रेस में बरौनी से ही तस्करों का पीछा करते हुए हाजीपुर पहुंचे। जैसे ही तस्कर ट्रेन से गांजा लेकर स्टेशन के बाहर निकले, पुलिस ने उन्हें घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि तस्कर हर शुक्रवार को गुवाहाटी से अगरतला जाते थे और मंगलवार को गांजा लेकर लौटते थे। वे गांजा ट्रेन के बाथरूम और अन्य जगहों पर छिपाकर लाते थे।

चलती ट्रेन से गिराते थे गांजा

तस्करों ने बताया कि वे चलती ट्रेन में सुनसान इलाकों में गांजा फेंककर अपने लाइनरों तक पहुंचाने का तरीका अपनाते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।

गिरफ्तार छह आरोपितों में पांच वैशाली जिले के बिदुपुर, राघोपुर और रूस्तमपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि एक पटना जिले के नदी थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

गिरफ्तार आरोपितों के नाम

  • जयनाथ राय, ग्राम- गोखुलपुर, थाना- बिदुपुर, जिला- वैशाली
  • सतीश कुमार, ग्राम- मीनापुर, थाना- राघोपुर, जिला- वैशाली
  • पप्पू कुमार, ग्राम- रामपुर, थाना- राघोपुर, जिला- वैशाली
  • सुनील कुमार, ग्राम- गाधोचक फतुहा, थाना- नदी, जिला- पटना
  • पंकज कुमार, ग्राम- रूस्तमपुर, थाना- रूस्तमपुर, जिला- वैशाली
  • मनीष कुमार, ग्राम- रूस्तमपुर, थाना- रूस्तमपुर, जिला- वैशाली

सभी आरोपित भेजे गए न्यायिक हिरासत में

पुलिस ने सभी के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एसपी ने कहा कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ जारी है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

ऑपरेशन नीलकंठ जारी रहेगा : एसपी

पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने कहा कि वैशाली में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ ऑपरेशन नीलकंठ लगातार जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि पटना, मुजफ्फरपुर और सारण की सीमाओं से जुड़े होने के कारण वैशाली मादक पदार्थों की सप्लाई के लिए संवेदनशील क्षेत्र बन गया है।

एसपी ने कहा कि नॉर्थ-ईस्ट से आने वाली गांजा सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे पढ़ाई और रोजगार पर ध्यान दें तथा मादक पदार्थों से दूर रहें। समाज के लोगों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।