विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाजीपुर में बाइक एजेंसी से घर लौट रहा था नाबालिग, टेंपो में बैठते ही बदल गए हालात; दो गिरफ्तार

Published: Wed, 21 Oct 2026 09:03 PM (IST)

हाजीपुर के काजीपुर थाना क्षेत्र में 15 अक्टूबर को एक नाबालिग के साथ मारपीट और अप्राकृतिक यौनाचार के मामले में ...और पढ़ें

पुल‍िस ग‍िरफ्त में आरोपित और जानकारी देते एसडीपीओ सुबोध कुमार।

पुल‍िस ग‍िरफ्त में आरोपित और जानकारी देते एसडीपीओ सुबोध कुमार।

HighLights

  1. हाजीपुर में नाबालिग से मारपीट और अप्राकृतिक यौनाचार का मामला।

  2. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, टेंपो भी जब्त।

  3. एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। काजीपुर थाना क्षेत्र में 15 अक्टूबर को नाबालिग के साथ मारपीट और अप्राकृतिक यौनाचार के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टेंपो को भी जब्त किया है। यह जानकारी देते हुए हाजीपुर सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि 17 अक्टूबर को काजीपुर थाना को एक आवेदन प्राप्त हुआ था।

आवेदक ने अपने नाबालिग पुत्र के साथ 15 अक्टूबर को एक नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों पर मारपीट, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने की शिकायत की थी।

जांच में सामने आया अप्राकृत‍िक यौनाचार का मामला 

प्राप्त आवेदन के आधार पर काजीपुर थाना कांड संख्या 32-26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP शुभांक मिश्रा के निर्देश पर SDPO सदर-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

अनुसंधान के क्रम में नाबालिग के साथ बलपूर्वक अप्राकृतिक यौनाचार का मामला भी प्रकाश में आया। इसके बाद सलेमपुर गांव के स्‍व बच्‍चा राय के बेटे बल्लू कुमार उर्फ बबलू कुमार को सदर थाना क्षेत्र के गदाई सराय से पकड़ा गया।

एक अन्य अप्राथमिकी आरोपित भट्टडी निवासी राजेश महतो के बेटे सन्नी कुमार को उसके गांव भट्टडी से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना में संलिप्त एक अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

टेंपो से ले जाकर मारपीट भी की आरोप‍ितों ने

आवेदन के अनुसार, 15 अक्टूबर को नाबालिग दिग्घी स्थित एक बाइक एजेंसी में काम कर घर लौटने के लिए सड़क पर खड़ा था।

इसी दौरान एक युवक सीएनजी टेंपो लेकर आया। नाबालिग उस पर सवार हो गया। आरोप है कि एकारा पुल के पास टेंपो रोकने को कहने पर आरोपित ने मारपीट की और जबरन दूसरी ओर ले जाने लगा।

किसी तरह वह वहां से भाग निकला और बेहोश होकर गिर गया। बाद में किसी ने स्वजन को सूचना दी और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उससे पांच हजार रुपये और गले से सोने का लाॅकेट भी छीन लिया।