हाजीपुर में रंगदारी और विवाद में लाइन होटल पर 20 राउंड फायरिंग, मालिक को किडनैप कर काटी अंगुली
हाजीपुर के बेदौली चौक स्थित एक लाइन होटल में दो पक्षों के विवाद के बाद 20 राउंड से अधिक फायरिंग हुई, जिसमें एक ग्राहक को गोली लगी।
HighLights
हाजीपुर के लाइन होटल में दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई।
फायरिंग में एक ग्राहक को गोली लगी, होटल मालिक का अपहरण।
अपहरण कर मालिक की उंगली काटी, जान से मारने की धमकी।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बेदौली चौक स्थित एक लाइन होटल पर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद जमकर फायरिंग हुई। इस दौरान अफरातफरी मच गई। सभी इधर-उधर भागने लगे।
होटल संचालक के मुताबिक बदमाशों ने करीब 20 राउंड से अधिक गोली चलाई, जिसमें होटल के एक ग्राहक को गोली लग गई। इतना ही नहीं, होटल मालिक का अपहरण कर ब्लेड से अंगूली काट दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना से इलाके में दहशत फैल गई है।
दो पक्षों में बात-विवाद को लेकर लड़ाई-झगड़ा
घटना की सूचना पर स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी लेने के पश्चात आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। घायल ग्राहक लालगंज थाना क्षेत्र के जफराबाद निवासी बलिराम यादव के 24 वर्षीय पुत्र वैदेही कुमार यादव बताया गया है।
वहीं पीड़ित होटल मालिक की पहचान राजा कुमार के रूप में हुई है। होटल का नाम विनोद सिंह होटल बताया जा रहा है। होटल मालिक राजा कुमार ने बताया कि रात में दो पक्षों में बात-विवाद को लेकर लड़ाई-झगड़ा हुआ। दोनों पक्षों में मारपीट और गाड़ी में तोड़फोड़ हुई। इसके बाद एक पक्ष ने फोन कर अपने 50 से 60 लड़कों को बुला लिया।
10 बाइक से पहुंचे और होटल पर अंधाधुंध फायरिंग
आरोपी एक स्कॉर्पियो और करीब 10 बाइक से पहुंचे और होटल पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में होटल पर मौजूद एक ग्राहक को गोली लग गई।
राजा कुमार ने बताया कि गोली चलाने के बाद अपराधी उसे होटल से किडनैप करके ले गए। सुनसान जगह पर ले जाकर उससे पूछताछ करने लगे कि दूसरे पक्ष के लोग कौन थे। नाम बताने से इनकार करने पर ब्लेड से उसका हाथ काट दिया और धमकी दी कि नाम नहीं बताएगा तो हत्या कर देंगे। किसी तरह पुलिस के आने की अफवाह फैली तो सभी अपराधी उसे छोड़कर भाग गए। इसके बाद राजा किसी तरह जान बचाकर वापस लौटा।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। होटल मालिक का कहना है कि वह सभी अपराधियों को शक्ल से पहचानता है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- हाजीपुर में कार पार्किंग विवाद में महिला दारोगा ने की थी मारपीट, एसपी ने 3 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड
