लोक सेवा आश्रम में निश्शुल्क कराया जा रहा भोजन
विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र मेला के लोक सेवा आश्रम में धर्म और मानवता की सेवा का अद्भूत नजारा देखने को मिल रहा है।
वैशाली। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र मेला के लोक सेवा आश्रम में धर्म और मानवता की सेवा का अद्भूत नजारा देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां मेले में किसी भी खाने-पीने अथवा अन्य वस्तु के लिए यात्रियों को पैसे का भुगतान करना पड़ रहा है वहीं इस आश्रम में श्रद्धालुओं को निश्शुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। मेले में आए सभी लोगों के लिए ये व्यवस्था की गई है। कहते हैं कि अगर कहीं भी खाना नहीं मिले तब लोक सेवा आश्रम चले जाइए। इस आश्रम के काफी दूर तक फैले परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता हैं। लोगों के प्रेमपूर्ण आवभगत में यहां कोई कमी नहीं रहती। इस आश्रम के पीठाधीश्वर संत विष्णु दास उदासीन मौनी बाबा की श्रद्धा यात्रियों को भोजन परोसते देखते ही बनती है। वे बताते हैं कि आम दिनों की तुलना में मेले के दौरान यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। इससे आश्रम को कोई अंतर नहीं पड़ता। दिन के अलावा रात्रि में भी यहां पहुंचने वालों को प्रेम के साथ खाना परोसा जाता है। कार्तिक पूर्णिमा से अब तक यहां हजारों लोगों को दोनों समय का भोजन उपलब्ध कराया जा चुका हैं। यह व्यवस्था निर्बाध रूप से अनवरत चल रहा है।