डाक्टर चैंबर में चल रहा था अय्याशी का खेल, कैदी ने बिहार पुलिस को कही ऐसी बात कि चौंक गए सभी
Dirty Game in Hospital हाजीपुर सदर अस्पताल के कैदी वार्ड का बंदी कोलकाता की कालगर्ल के साथ रंगरेलियां मना रहा था। वह भी डाक्टर के चैंबर में। जब कमरा खुलवाया गया तो वहां का नजारा देख पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।
हाजीपुर, जागरण संवाददाता। सदर अस्पताल हाजीपुर के कैदी वार्ड के निकट स्थित नशामुक्ति केंद्र के एसी कमरे में सजायाफ्ता कैदी की कालगर्ल के साथ मस्ती के मामले में पुलिस ने युवती समेत छह लोगों को जेल भेज दिया। वहीं कैदी वार्ड में इलाजरत एक बंदी को सुरक्षाकर्मी की देखरेख में कैदी वार्ड में ही रखा गया है। जेल भेजे जाने वालों में कालगर्ल, सैप के चार जवान तथा सदर अस्पताल का वार्ड अटेंडेंट शामिल है। हाजीपुर नगर थाना में मामले की की गई प्राथमिकी में पूरे घटनाक्रम का विस्तार से उल्लेख किया गया है। इस घटना की प्राथमिकी नगर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के बयान पर ही की गई है।
गए थे दूसरे केस की जांच में, हो गया अलग ही खुलासा
जानकारी के अनुसार करताहां के थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार व एसआइ कन्हैया लाल पंडित सशस्त्र बल के साथ नगर थाना पहुंचे। गुरुवार को नगर थानाध्यक्ष से करताहां थाना में दर्ज एक कार चोरी के मामले की जांच में सहयोग का अनुरोध किया। इसके बाद पुलिस अधिकारी कैदी वार्ड पहुंचे। वहां के रजिस्टर में दो बंदियों के नाम थे। लेकिन उनमें से महज एक राजीव ब्रह्मर्षि नामक कैदी ही वहां था। दूसरा बंदी अमिताभ कुमार उर्फ अमित बंदी वार्ड से गायब था। यह देख पुलिस अधिकारी चौंक गए। पूछताछ करने पर पता चला कि अमिताभ कुमार उर्फ अमित हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी कलां पश्चिमी गांव का रहने वाला है। वह कैदी वार्ड के बाहर नशामुक्ति केंद्र में कालगर्ल के साथ अनैतिक काम कर रहा है।
थानेदार की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारी व सीएस
अमिताभ उर्फ अमित उड़ीसा के भदरख व्यवहार न्यायालय के सत्र वाद संख्या 91/ 07 तथा 66/09 में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। इसकी सूचना थानेदार ने सदर एसडीपीओ को दी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं महिला थानाध्यक्ष को सदर अस्पताल पहुंचने का अनुरोध किया गया। साथ ही साथ वैशाली के सिविल सर्जन को भी बंदी वार्ड पहुंचने का अनुरोध किया गया। सूचना पर सभी पदाधिकारी कैदी वार्ड पहुंचे।
कमरे में जमीन पर बिछा था गद्दा
अस्पताल पहुंचे एसडीपीओ को सारी जानकारी दी गई तो वे भी हैरान रह गए। इसके बाद कैदी वार्ड के पूरब की ओर स्थित डाक्टर चेंबर के बंद कमरे को वार्ड अटेंडेंट महेश कुमार की उपस्थिति में खुलवाया गया। कमरे में गद्दा बिछा था। उसपर आपत्तिजनक स्थिति में युवक-युवती थे। वह युवक अमिताभ उर्फ अमित ही था। युवती की पहचान कोलकाता की युवती के रूप में की गई। अमिताभ कुमार ने पुलिस को जानकारी दी कि कैदी वार्ड में प्रतिनियुक्त सैप के जवान मो. कासिम, अशोक कुमार सिंह, विष्णु प्रसाद, उमेश प्रसाद सिंह तथा वार्ड अटेंडेंट महेश कुमार को रुपये देकर इस कमरे का उपयोग किया था।
कोलकाता से लेकर आया था चंदन
मौके से पकड़ी गई कोलकाता की कालगर्ल ने पुलिस को बताया कि चंदन नामक युवक रुपये देकर इस कमरे में लाया था। कमरे की तलाशी के दौरान महिला थाने की एएसआइ इंदू सिन्हा ने कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए। घटना को लेकर नगर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने अमिताभ कुमार उर्फ अमित, कालगर्ल रौशन बेगम, सैप के जवान मो. कासिम, अशोक कुमार सिंह, विष्णु प्रसाद, उमेश प्रसाद सिंह, वार्ड अटेंडेंट महेश कुमार एवं चंदन के विरुद्ध सार्वजनिक स्थान पर अनैतिक देह व्यापार तथा निजी लाभ के लिए इस धंधे में सहयोग किए जाने की प्राथमिकी कराई है। इसमें सैप के जवानों, कालगर्ल तथा वार्ड अटेंडेंट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है जबकि अमिताभ कुमार उर्फ अमित को बीमार बताते हुए सुरक्षा कर्मी की देखरेख में कैदी वार्ड में रखा गया है।