विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'DIG के नाम पर घूस' मामले में बड़ा एक्शन, वैशाली महिला थानाध्यक्ष पूर्णिमा कुमारी निलंबित

Published: Thu, 17 Sep 2026 09:46 PM (IST)

वैशाली में डीआईजी के नाम पर रिश्वत मांगने के वायरल ऑडियो मामले में महिला थाना की थानाध्यक्ष पूर्णिमा कुमारी को ...और पढ़ें

थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक पूर्णिमा कुमारी

थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक पूर्णिमा कुमारी

HighLights

  1. महिला थानाध्यक्ष पूर्णिमा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।

  2. डीआईजी के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप सही पाया गया।

  3. वायरल ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता जांच में पुष्टि हुई।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर(वैशाली)। वैशाली में डीआईजी के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप से जुड़े वायरल ऑडियो मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महिला थाना कांड संख्या 64/25 से संबंधित वायरल ऑडियो क्लिप की जांच के बाद महिला थाना की थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक पूर्णिमा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसकी जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

वायरल ऑडियो की जांच में सही पाई गई प्रामाणिकता

पुलिस उप महानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र, मुजफ्फरपुर के आदेश पर वायरल ऑडियो क्लिप का सत्यापन कराया गया था। जांच के दौरान ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता सही पाई गई।

पुलिस के अनुसार, सत्यापन में यह भी सामने आया कि वायरल ऑडियो 22 अगस्त 2026 का है। इसके अलावा थाना परिसर में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज का भी सत्यापन किया जा रहा है।

केस से नाम हटाने के बदले लाभ मांगने का आरोप

पूरे मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2, लालगंज गोपाल मंडल ने की। जांच के दौरान वायरल ऑडियो में महिला थाना कांड संख्या 64/25 के अभियुक्त के परिजन से बातचीत सामने आई।

पुलिस के अनुसार, बातचीत में अभियुक्त का नाम केस से हटाने के एवज में अनैतिक लाभ की मांग किए जाने से संबंधित तथ्य मिले।

पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर तैयार हुई रिपोर्ट

जांच के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों से पूछताछ की गई। उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों का भी परीक्षण किया गया।

जांच प्रतिवेदन में महिला थाना की थानाध्यक्ष पूर्णिमा कुमारी का आचरण प्रथम दृष्टया मामले में अनैतिक और संदिग्ध प्रतीत होने की बात कही गई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर निलंबन

पुलिस के अनुसार, जांच प्रतिवेदन के आधार पर पूर्णिमा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि और उसके आधार पर हुई विभागीय कार्रवाई के बाद मामले में आगे की जांच भी जारी है।

यह भी पढ़ें- 'DIG के नाम पर 1 लाख दो...', वैशाली में महिला थानाध्यक्ष पर रिश्वत मांगने का आरोप, कथित ऑडियो वायरल