कार्यकारिणी समिति का गठन नहीं होने से विकास कार्य ठप्प
संवाद सूत्र, बिदुपुर : बिदुपुर प्रखंड के सभी उच्च विद्यालयों में प्रबन्ध कार्य कारिणी समिति का
संवाद सूत्र, बिदुपुर :
बिदुपुर प्रखंड के सभी उच्च विद्यालयों में प्रबन्ध कार्य कारिणी समिति का गठन नहीं होने से विकास कार्य अवरुद्ध हैं। बिदुपुर बाजार स्थित रामनन्दन उच्च विद्यालय, परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, मथुरा उच्च विद्यालय, चकसिकन्दर उच्च विद्यालय सहित कई और विद्यालयो में वर्षो से प्रबन्ध कार्यकारिणी समिति का गठन नहीं हुआ है। प्रबन्ध कार्यकारिणी समिति के गठन को लेकर कई बार स्थानीय स्तर पर प्रयास भी किये गये परन्तु आज तक समिति का गठन नहीं हुआ। सबसे अधिक बुरा प्रभाव राम नन्दन उच्च विद्यालय बिदुपुर बाजार, परियोजना बालिका उच्च विद्यालय आदि में दिख रहा है। वर्ष 2010 के बाद से ही समिति का गठन नहीं होने की सूचना है। वहीं परियोजना बालिका में तो और पहले से ही गठन नहीं हुआ है।
चकसिकन्दर, मथुरा सहित अन्य विद्यालयों में भी प्रबंध कारिणी समिति का गठन नहीं हुआ है। विकास की राशि विद्यालय में खर्च के लिए आती है परन्तु समिति का गठन नहीं होने से न तो विद्यालय के विकास के लिए बैठक ही हो पाती है और न ही राशि ही खर्च हो पाती है। उच्च विद्यालयों में स्थानीय विधायक या विधान पार्षद ही विद्यालय प्रबंध कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष होते हैं और उन्हीं की अध्यक्षता में विकास के लिए प्रबन्ध कार्यकारिणी समिति की बैठक होती है।
स्थानीय विधायक वर्तमान समय में विपक्ष के नेता हैं और पूर्व में उप मुख्यमंत्री थे। उनकी अति व्यस्तता के कारण ही आज तक कमेटी का गठन नहीं हुआ। इस सम्बन्ध में स्थानीय पदाधिकारी कुछ भी बताने से इंकार कर रहे हैं।