वाया नदी में डूबे युवक का शव हुआ बरामद
वैशाली। जंदाहा थाना के रसलपुर गिरी टोला निवासी एक युवक का शव रविवार को बरामद कर लिया गया है। 24 घंटे पहले शनिवार को रसलपुर स्थित बाया नदी में युवक डूब गया था। शव को स्थानीय प्रशासन एवं ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के पश्चात शाम करीब सात बजे बरामद किया गया।
वैशाली। जंदाहा थाना के रसलपुर गिरी टोला निवासी एक युवक का शव रविवार को बरामद कर लिया गया है। 24 घंटे पहले शनिवार को रसलपुर स्थित बाया नदी में युवक डूब गया था। शव को स्थानीय प्रशासन एवं ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के पश्चात शाम करीब सात बजे बरामद किया गया। इधर, घटना को लेकर मृतक रसलपुर निवासी गणेश गिरी के पुत्र रूपेश गिरी के परिजन कई तरह के आरोप लगा रहे हैं। मामले की जंदाहा थाने की पुलिस जांच कर रही है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि शनिवार की शाम लगभग चार बजे रूपेश गिरी अपने एक ग्रामीण सुशील गिरी के पुत्र विक्की गिरी के साथ खाने-पीने को लेकर अपने घर से नदी के उस पार पानापुर गांव गया था। बताया जाता है कि दोनों युवकों ने वहां नशापान किया। इसके बाद शनिवार की रात विक्की गिरी घर लौट गया, जबकि रूपेश गिरी घर नहीं वापस आया। बताया जाता है कि परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की। उसके साथ गए ग्रामीण मित्र विक्की गिरी से काफी पूछताछ की। विक्की गिरि ने बताया कि उसने काफी नशापान कर लिया था तथा उसके साथ वापस नहीं आया। जब बाद में वह उसे खोजने गया तो उक्त स्थल पर वह नहीं था।
इसी दौरान सूचना मिली कि वाया नदी में रसलपुर सोनिया घाट के समीप किसी को पानी में डूबते देखा गया है। रूपेश गिरी के परिजनों ने इसकी सूचना शनिवार की देर रात जंदाहा थाना की पुलिस को दी। पुलिस ने रसलपुर पहुंच घटना का जायजा लिया तथा विक्की गिरी एवं उसके पिता सुशील गिरी को अपने कब्जे में लेकर काफी पूछताछ की, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। इसी दौरान स्थानीय प्रशासन ने नदी में शव के खोज को लेकर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। शाम से एसडीआरएफ की टीम, जंदाहा थाना की पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में वाया नदी में घटनास्थल के आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन शाम तक एसडीआरएफ की टीम को सफलता नहीं मिल पायी। अंधेरा हो जाने पर एसडीआरएफ की टीम ने सर्च को अभियान बंद कर दिया।
इसी दौरान वहां उपस्थित ग्रामीणों ने नदी में किसी चीज को उपलाने की बात बताई। सूचना पर स्थानीय प्रशासन एवं ग्रामीणों ने नाविक एवं नाव की व्यवस्था की। नाव के सहारे प्रशासन ने रूपेश गिरी का शव वाया नदी से शाम करीब सात बजे बरामद कर लिया।शव बरामद होते ही परिजनों में कोहराम मच गया तथा परिजन कई तरह के आरोप लगाने लगे। परिजनों का आरोप है कि रूपेश गिरी की हत्या कर दी गई है। घटनास्थल पर प्रखंड विकास पदाधिकारी रंजीत कुमार, अंचल अधिकारी योगेंद्र प्रसाद सिंह, जंदाहा थानध्यक्ष अजय कुमार, सहायक अवर निरीक्षक हकीमुद्दीन खान, पंचायत के मुखिया चंदू कुमार साह, ग्रामीण अशोक गिरी आदि के अलावा भारी संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के लोग उपस्थित थे। शव बरामद होने के पश्चात तत्काल परिजनों के कब्जे में है। शव को पोस्टमार्टम हेतु हाजीपुर सदर अस्पताल भेजे जाने की प्रक्रिया जारी है। वहीं आरोपित विक्की गिरी एवं उसके पिता सुशील गिरी को जंदाहा थाना पर रखा गया है। जंदाहा थाना की पुलिस मामले की गहन जांच पड़ताल में लगी है।