वैशाली में दिनदहाड़े 11 लाख की लूट, कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल पर अपराधियों को ने वारदात काे दिया अंजाम
वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर मनोज कुमार से ...और पढ़ें

पिस्टल की बट से जख्मी मनोज कुमार।
HighLights
सिक्सलेन पुल पर पिस्तौल के बल पर 11 लाख लूटे।
बाइक सवार दो बदमाशों ने मनोज कुमार को लूटा।
विरोध करने पर पीड़ित को पिस्तौल के बट से मारा।
संवाद सूत्र, राघोपुर (वैशाली)। वैशाली जिले में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल के पाया नंबर 15 के पास बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्तौल का भय दिखाकर 11 लाख रुपये लूट लिए।
विरोध करने पर बदमाशों ने रुपये लेकर जा रहे व्यक्ति के साथ मारपीट की और पिस्तौल के बट से सिर पर वार कर उन्हें जख्मी कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश रुपये लेकर पटना की ओर फरार हो गए।
पीड़ित की पहचान जुरावनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर पूर्वी गांव निवासी चंद्रेश्वर साह के पुत्र मनोज कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने इस संबंध में रुस्तमपुर थाना में आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे थे मनोज
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, मनोज कुमार बुधवार को दोपहर करीब दो बजे कच्ची दरगाह स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की रुस्तमपुर शाखा से 11 लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल के पाया नंबर 15 के पास पीछे से काले और लाल रंग की अपाची बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश पहुंचे।
आरोप है कि बदमाशों ने ओवरटेक कर मनोज को धक्का मारकर गिरा दिया। इसके बाद रुपये से भरा बैग छीनने लगे। मनोज ने जब इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान एक बदमाश ने पिस्तौल के बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया।
बैग लेकर पटना की ओर भागे बदमाश
मनोज को जख्मी करने के बाद दोनों बदमाश रुपये से भरा बैग लेकर पटना की ओर भाग निकले। दिनदहाड़े सिक्सलेन पुल के पास हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
पीड़ित ने पुलिस से बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और लूटी गई रकम बरामद करने की मांग की है। इस संबंध में रुस्तमपुर थाना में आवेदन दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
