सुपौल-गलगलिया रेल परियोजना, विकास की उम्मीदें पर विस्थापन का बना डर
सुपौल-गलगलिया रेलवे लाइन परियोजना सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए विकास और कनेक्टिविटी की उम्मीद जगा रही है। व्यापार, कृषि और रोजगार ...और पढ़ें

सुपौल-गलगलिया रेल परियोजना, विकास की उम्मीदें पर विस्थापन का बना डर (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, जदिया (सुपौल)। सुपौल-गलगलिया रेलवे लाइन निर्माण को लेकर क्षेत्र में इन दिनों दोहरी तस्वीर उभरकर सामने आ रही है। एक ओर जहां यह बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना इलाके के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होने वाली मानी जा रही है, वहीं दूसरी ओर रेलवे निर्माण की जद में आने वाले घर-द्वार और जमीनों को लेकर आम लोगों के बीच चिंता, भय और असमंजस का माहौल गहराता जा रहा है।
सुपौल से गलगलिया को जोड़ने वाली यह रेलवे लाइन सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए परिवहन की दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है। वर्षों से रेल सुविधा से वंचित इस इलाके के लोगों को इससे बड़े लाभ की उम्मीद है। स्थानीय लोगों का मानना है कि रेल परिचालन शुरू होने के बाद न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापार, कृषि, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई दिशा मिलेगी।
किसानों को अपनी उपज दूर-दराज के बाजारों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यही कारण है कि बड़ी संख्या में लोग इस परियोजना को क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, विकास की इस उम्मीद के समानांतर रेलवे विभाग द्वारा निर्माण क्षेत्र में आने वाले घरों और संरचनाओं को हटाने के लिए दिए जा रहे अल्टीमेटम ने क्षेत्रवासियों की परेशानी बढ़ा दी है।
विशेष रूप से पिलवाहा पंचायत सहित आसपास के गांवों में बड़ी संख्या में परिवार इस कार्रवाई से प्रभावित हो रहे हैं। वर्षों से बसे घरों को खाली करने की चेतावनी मिलने के बाद कई परिवारों के सामने आशियाने और आजीविका दोनों का संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय निवासियों का साफ कहना है कि वे रेलवे परियोजना या विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन बिना वैकल्पिक व्यवस्था और उचित मुआवजा दिए घर तोड़ने की प्रक्रिया को वे अन्यायपूर्ण मानते हैं। प्रभावित लोगों का आरोप है कि अचानक मिले नोटिस ने उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से झकझोर कर रख दिया है। कई परिवार ऐसे हैं जिनकी पूरी जिंदगी और रोजी-रोटी इसी जमीन और मकान पर निर्भर है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि अब तक रेलवे विभाग या प्रशासन की ओर से न तो स्पष्ट पुनर्वास योजना सामने आई है और न ही मुआवजे की राशि व प्रक्रिया को लेकर कोई ठोस जानकारी दी गई है। इससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। पंचायत स्तर से लेकर सामाजिक संगठनों तक इस मुद्दे को लेकर आवाज बुलंद होने लगी है और प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की मांग की जा रही है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि रेलवे लाइन निश्चित रूप से क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगी, लेकिन इसके नाम पर आम जनता को उजाड़ देना समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने मांग की है कि प्रभावित परिवारों को पहले वैकल्पिक जमीन, आवास और समुचित मुआवजा सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास और विस्थापन के बीच संतुलन कायम हो सके।
फिलहाल, सुपौल-गलगलिया रेलवे लाइन निर्माण को लेकर क्षेत्र में खुशी और गम दोनों का माहौल है। जहां एक ओर भविष्य को लेकर उम्मीदें हैं, वहीं दूसरी ओर वर्तमान में अपने घर और जमीन बचाने की जद्दोजहद चल रही है। अब निगाहें प्रशासन और रेलवे विभाग पर टिकी हैं कि वे इस संवेदनशील मुद्दे का समाधान किस तरह निकालते हैं और क्या विकास की यह पटरी आम लोगों के भरोसे के साथ आगे बढ़ पाती है या नहीं।
