कमरे में सोता रहा परिवार, बाहर से कुंडी लगाकर आलमारी ले गए चोर; सुपौल में एक घर से लाखों की चोरी
सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में चोरों ने दुस्साहसिक तरीके से एक घर से डेढ़ लाख नकद और ढाई लाख रुपये के जेवरात सहित आलमारी चुरा ली।

खेत से आलमारी बरामद। फोटो जागरण
HighLights
चोरों ने परिवार को कमरों में बंद कर आलमारी चुराई।
डेढ़ लाख नकद और ढाई लाख के सोने-चांदी के जेवरात गायब।
पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों में दहशत का माहौल।
जागरण संवाददाता, सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र की कटैया माहे पंचायत के वार्ड नंबर सात में सोमवार की रात चोरों ने दुस्साहसिक तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया।
घर के लोग अंदर सोते रहे और चोर कमरे को बाहर से बंद कर कमरे में रखी आलमारी उठाकर करीब आधा किलोमीटर दूर बांसबाड़ी में ले गए। वहां इसे तोड़कर उसमें रखे डेढ़ लाख रुपये नकद और करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। गृहस्वामी अजय कुमार ने बताया कि सोमवार की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। एक कमरे में वह और उनकी पत्नी, जबकि दूसरे कमरे में उनका पुत्र और पुत्रवधू सो रहे थे।
देर रात चोरों ने दोनों कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। इसके बाद तीसरे कमरे में रखी आलमारी बाहर निकाला और उसे घर से पश्चिम करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित बांसबाड़ी में ले गए।
बांसबाड़ी में चोरों ने आलमारी को तोड़कर उसमें रखे डेढ़ लाख रुपये नकद, करीब डेढ़ भरी सोने और 16 भरी चांदी के जेवरात निकाल लिए। चोरी गए जेवरात की कीमत गृहस्वामी ने करीब ढाई लाख रुपये बताई है। खास बात यह रही कि चोरों ने आलमारी में रखी साड़ी और अन्य सामान को वहीं छोड़ दिया।
मंगलवार की सुबह जब लोगों की नींद खुली तो उन्होंने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद पाया। मोबाइल फोन के माध्यम से पड़ोसियों को इसकी सूचना दी गई। पड़ोसियों के पहुंचने पर दरवाजा खोला गया तो घर से आलमारी गायब थी।
इसके बाद आसपास खोजबीन की गई तो घर से करीब आधा किलोमीटर दूर बांसबाड़ी में आलमारी टूटी मिली। उसमें रखे सामान इधर-उधर बिखरे हुए थे। घटना की सूचना पिपरा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
घनी बस्ती के बीच हुई चोरी की इस घटना से आसपास के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरीके से चोर घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के कमरों को बाहर से बंद कर आलमारी उठाकर ले गए, उससे उनकी बेखौफ गतिविधि का अंदाजा लगाया जा सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र चोरी का पर्दाफाश कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।
