विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुपौल में शराब तस्करों की कार ने JDU नेता को कुचला, अस्पताल में मौत; 2 आरोपी गिरफ्तार

Published: Thu, 21 May 2026 03:34 PM (IST)

सुपौल के रतनपुर नया बाजार में शराब तस्करों की तेज रफ्तार कार ने जदयू पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार मेहता को रौंद दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

पकड़े गए दोनों आरोपी।

पकड़े गए दोनों आरोपी।

HighLights

  1. जदयू पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार मेहता की मौत।

  2. शराब तस्करों की तेज रफ्तार कार ने रौंदा।

  3. दो तस्कर 1050 बोतल शराब संग गिरफ्तार।

संवाद सूत्र, करजाईन बाजार (सुपौल)। रतनपुरा थाना क्षेत्र के रतनपुर नया बाजार एनएच 106 पर तेज रफ्तार होंडा सिटी कार सवार शराब तस्करों ने रतनपुर पंचायत जदयू अध्यक्ष मनोज कुमार मेहता (58) को रौंद दिया।

इस हादसे में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दो शराब तस्करों को 1050 बोतल शराब सहित गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 6 बजे के करीब गश्ती पर निकली रतनपुरा थाना की गश्ती गाड़ी को भगवानपुर के समीप देखकर भीमनगर की तरफ से आ रहे शराब तस्कर तेज रफ्तार में भागने लगा।

पोती को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे जदयू नेता

शक के आधार पर पुलिस ने उसका पीछा किया। इसी दौरान होंडा सिटी कार अपनी पोती को स्कूल छोड़कर आ रहे रतनपुर वार्ड नंबर 5 बचनुचकला निवासी जदयू नेता को रतनपुर नया बाजार चौक के समीप रौंदते हुए एक ट्रैक्टर से टकरा कर अनियंत्रित होकर एनएच के किनारे लुढ़क गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। तुरंत ही मनोज कुमार मेहता को राघोपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

दो तस्कर गिरफ्तार

पुलिस ने कार से निकलकर भाग रहे दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर वार्ड 1 निवासी अभिषेक कुमार और विपिन कुमार के रूप में हुई है।

गिरफ्तार तस्करों की कार से 1050 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की गई है। इस बारे में डीएसपी वीरपुर सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दो तस्करों को पुलिस ने खदेड़ कर गिरफ्तार किया है।

गाड़ी नंबर के आधार पर इसके मालिक का पता लगाया जा रहा है। इस मामले में जो भी संलिप्त होंगे सभी पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मृतक की पत्नी पुष्पा कुमारी रतनपुर वार्ड-5 में आंगनबाड़ी सेविका के पद पर कार्यरत हैं। मौत की खबर मिलते ही स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इलाके में भी शोक और आक्रोश है।

यह भी पढ़ें- हाजीपुर-पटना मार्ग पर सड़क हादसा, टीचर की मौत और प्रिंसिपल घायल