जागरण संवाददाता, सुपौल। जिलाधिकारी सावन कुमार ने पिपरा प्रखंड अंतर्गत नवनिर्मित अमहा-पिपरा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुपौल-अररिया रेलवे लाइन परियोजना की प्रगति की भी गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान रेलवे विभाग के अधिकारियों एवं परियोजना से जुड़े अन्य तकनीकी कर्मी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने स्टेशन की आधारभूत संरचना, यात्री सुविधाओं, प्लेटफॉर्म की स्थिति, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, जल एवं शौचालय सुविधाओं सहित तमाम पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। वहीं, जिलाधिकारी ने सुपौल-अररिया रेलवे लाइन के प्रगति का भी जायजा लिया गया।
'सुदूर इलाकों को मिलेगी बेहतर परिवहन सुविधा'
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि इस परियोजना के बन जाने से न केवल दो जिलों को जोड़ने का कार्य करेगी, बल्कि इससे कोसी क्षेत्र के सुदूर इलाकों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन के क्षेत्र में इसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।
जिलाधिकारी ने रेलवे अधिकारियों से कहा कि यह परियोजना क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अमहा-पिपरा स्टेशन के निरीक्षण को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में उत्सुकता देखी गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में इन्फ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी परियोजनाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। रेलवे लाइन का समय पर निर्माण और स्टेशन पर बेहतर यात्री सुविधा से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी।