विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुपौल में रूह कंपाने वाली वारदात! पति ने पत्नी को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाया, आग की लपटों में भागती रही दामिनी; मौत

Published: Sun, 25 Oct 2026 11:30 AM (IST)

Supaul Petrol Attack Damini Murder: सुपौल में एक दिल दहला देने वाली घटना में, पति संजीव कुमार साह ने अपनी ...और पढ़ें

Supaul Petrol Attack Damini Murder: नौ माह पूर्व दाम‍िनी और संजीब में हुई थी शादी। प्रेम व‍िवाह।

Supaul Petrol Attack Damini Murder: नौ माह पूर्व दाम‍िनी और संजीब में हुई थी शादी। प्रेम व‍िवाह।

HighLights

  1. पति ने पत्नी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया।

  2. मोबाइल पर प्रेम प्रसंग के बाद हुई थी शादी।

  3. पुलिस आरोपी पति संजीव कुमार साह की तलाश में।

संवाद सूत्र, सुपौल। मोबाइल फोन पर उपजे प्रेम प्रसंग के बाद सात फेरे लेकर ससुराल पहुंची एक नवविवाहिता का वैवाहिक जीवन महज नौ महीने में ही खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया। दिल दहला देने वाली इस वारदात में पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल उड़ेलकर जिंदा जला दिया। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुपौल उप शाखा नहर स्थित लालमनपट्टी गांव के समीप घटी। धधकती आग की लपटों के बीच जान बचाने के लिए युवती करीब आधा किलोमीटर तक बदहवास दौड़ती रही।

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे गंभीर हालत में सुपौल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही भपटियाही और रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फरार पति की गिरफ्तारी के लिए सघन जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल पर हुई थी बातचीत, प्यार के बाद हुई थी शादी

सुपौल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में जिंदगी की आखिरी सांसें गिनते हुए मृतका ने पुलिस और डॉक्टरों के समक्ष अपना दर्दनाक बयान दर्ज कराया। मृतका की पहचान मुजफ्फरपुर जिला निवासी दामिनी देवी के रूप में हुई है। उसने अपने पिता का नाम राजकुमार मंडल और भाई का नाम कुणाल कुमार बताया।

Supaul Husband Burns Wife Alive Over Love Affair Tragedy (1)

दामिनी ने बताया कि सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत लोकहा पंचायत के वार्ड नंबर 3 निवासी संजीव कुमार साह से उसका संपर्क मोबाइल फोन के जरिए हुआ था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातें बढ़ने लगीं और यह बातचीत गहरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। इसके बाद करीब 9 माह पूर्व दोनों की शादी संपन्न हुई। शादी के बाद दामिनी ससुराल भी आई थी, लेकिन ससुराल के लोगों ने उसे स्वीकार नहीं किया और प्रताड़ित कर ससुराल में रहने नहीं दिया, जिसके बाद वह मुजफ्फरपुर स्थित अपने मायके में रहने लगी थी।

Supaul Husband Burns Wife Alive Over Love Affair Tragedy (2)

मायके से बुलाकर दिनभर घुमाया, फिर नहर किनारे लगा दी आग

दामिनी ने रोते हुए बताया कि 24 अक्टूबर को उसके पति संजीव कुमार साह ने मुजफ्फरपुर फोन कर उसे मिलने के लिए बुलाया। पति की बातों पर भरोसा कर वह आ गई, जिसके बाद संजीव उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर दिनभर इधर-उधर घुमाता रहा। शाम ढलते ही वह उसे रतनपुर थाना क्षेत्र के लालमनपट्टी गांव के पास उप शाखा नहर की सुनसान पटरी पर ले गया।

वहां पहुंचते ही संजीव ने अचानक बोतल से पेट्रोल निकाला और दामिनी के ऊपर उड़ेल दिया। इसके पहले कि वह कुछ समझ पाती, संजीव ने माचिस जलाकर उसे आग के हवाले कर दिया। आग लगते ही दामिनी चीखने लगी, लेकिन पति बचाने के बजाय उसका मोबाइल फोन और सारा सामान छीनकर बाइक से मौके से फरार हो गया।

Supaul Husband Burns Wife Alive Over Love Affair Tragedy (3)

आग से लिपटी 500 मीटर तक भागी, अस्पताल में तोड़ा दम

शरीर में आग लगने के बाद दामिनी बदहवास होकर नहर की पटरी से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित ग्रामीण बस्ती की ओर दौड़ी। आग का गोला बनी युवती को चिल्लाते हुए अपनी ओर आते देख ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया और तुरंत डायल 112 को सूचना देकर उसे सुपौल सदर अस्पताल भिजवाया।

सुपौल नवविवाहिता हत्याकांड: घटनाक्रम एक नजर में

  • मृतका: दामिनी देवी (उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी: मुजफ्फरपुर)।

  • मृतका के परिजन: पिता- राजकुमार मंडल, भाई- कुणाल कुमार।

  • आरोपित पति: संजीव कुमार साह (निवासी: वार्ड नंबर 3, लोकहा पंचायत, भपटियाही थाना, सुपौल)।

  • प्रेम संबंध व विवाह: मोबाइल पर बातचीत से शुरू हुआ था प्रेम प्रसंग; 9 माह पूर्व हुई थी शादी।

  • घटनास्थल: लालमनपट्टी गांव, सुपौल उप शाखा नहर, रतनपुर थाना क्षेत्र।

  • वारदात की तारीख: 24 अक्टूबर 2026।

  • वारदात का स्वरूप: मुजफ्फरपुर से फोन कर बुलाया, बाइक पर घुमाया, फिर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया और मोबाइल-सामान लेकर फरार।

  • पुलिस कार्रवाई: भपटियाही और रतनपुर थाना पुलिस संयुक्त रूप से जांच और गिरफ्तारी में जुटी।

सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में दामिनी ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही तथा रतनपुर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका के बयान और मुजफ्फरपुर में मौजूद परिजनों के आवेदन के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित पति संजीव कुमार साह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।