विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UGC NET Result : प्राइमरी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के साथ जारी रखी खुद की पढ़ाई; सुपौल के HM संतोष बने प्रोफेसर

Published: Mon, 31 Aug 2026 07:11 PM (IST)

UGC NET Result: सुपौल के प्रधान शिक्षक संतोष कुमार मेहता आनंद ने UGC-NET परीक्षा में राजनीति विज्ञान विषय से 94.29% ...और पढ़ें

UGC NET Result: यूजीसी नेट राजनीति विज्ञान में 94.29 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले प्रधान शिक्षक संतोष कुमार मेहता आनंद

UGC NET Result: यूजीसी नेट राजनीति विज्ञान में 94.29 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले प्रधान शिक्षक संतोष कुमार मेहता आनंद

HighLights

  1. प्रधान शिक्षक संतोष मेहता ने UGC-NET परीक्षा में सफलता पाई।

  2. राजनीति विज्ञान में 94.29% अंक प्राप्त कर असिस्टेंट प्रोफेसर बने।

  3. दिन में अध्यापन के साथ रात में सेल्फ-स्टडी कर लक्ष्य साधा।

जागरण संवाददाता, सुपौल। UGC NET Result:लगन, निष्ठा और समय के सही प्रबंधन से किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इसे सुपौल के एक सरकारी विद्यालय के प्रधान शिक्षक ने सच कर दिखाया है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (UGC-NET) में राजनीति विज्ञान विषय से 94.29 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संतोष कुमार मेहता आनंद ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्रता हासिल की है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से पूरे जिले का मान बढ़ा है। परिणाम जारी होने के बाद से ही उनके पैतृक गांव से लेकर विद्यालय परिवार तक उत्सव का माहौल है।

संतोष कुमार मेहता आनंद मूल रूप से सुपौल जिले के किशनपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम व पोस्ट श्रीपुर के निवासी हैं। उनके पिता जय नारायण मेहता एक सामान्य कृषक परिवार से आते हैं। वर्तमान में संतोष सुपौल सदर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मोहनिया में प्रधान शिक्षक (हेडमास्टर) के पद पर निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

स्कूल में अध्यापन के साथ रात में की गहन पढ़ाई

एक प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक के रूप में प्रशासनिक दायित्वों और नौनिहालों को पढ़ाने की दोहरी जिम्मेदारी संभालने के बावजूद संतोष ने अपनी उच्च शिक्षा के सपने को कभी ओझल नहीं होने दिया। वे दिनभर विद्यालय में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उपरांत घर लौटकर देर रात तक प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटे रहते थे। उन्होंने किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा लिए बिना सेल्फ स्टडी और डिजिटल माध्यमों के सहयोग से राजनीति विज्ञान के वृहद पाठ्यक्रम पर पकड़ बनाई।

संतोष ने बताया कि शिक्षण कार्य और खुद की पढ़ाई के बीच संतुलन बनाना शुरुआत में चुनौतीपूर्ण रहा, किंतु दृढ़ संकल्प के कारण वे अपने लक्ष्य पर अडिग रहे। उन्होंने अपनी सफलता का मुख्य श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और परिवार के निरंतर सहयोग को दिया है।

  • किशनपुर प्रखंड के श्रीपुर निवासी व प्राथमिक विद्यालय मोहनिया के प्रधान शिक्षक संतोष कुमार मेहता आनंद ने यूजीसी नेट में पाई सफलता

  • राजनीति विज्ञान विषय में 94.29 प्रतिशत अंक प्राप्त कर असिस्टेंट प्रोफेसर की पात्रता हासिल की; जिले का नाम किया रोशन

  • सरकारी विद्यालय में अध्यापन के दायित्वों के बीच स्व-अध्ययन और समय प्रबंधन के बल पर पाई राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि

  • सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया; शिक्षक संघों, सहकर्मियों और ग्रामीणों में खुशी की लहर

युवाओं और शिक्षकों के लिए बने मिसाल

संतोष कुमार मेहता की इस सफलता की सूचना मिलते ही विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार, सहकर्मियों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शिक्षक नेताओं और ग्रामीणों ने कहा कि संतोष ने सरकारी सेवा में रहते हुए जिस तरह से राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वह ग्रामीण परिवेश के युवाओं और कार्यरत शिक्षकों के लिए एक प्रेरक उदाहरण है। यह साबित करता है कि जिम्मेदारियों के बीच भी अपनी शैक्षणिक प्रतिभा को निखारा जा सकता है।