विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुपौल में ठेकदार के घर ₹65 लाख की डकैती, हथियार के बल पर लूटे जेवरात

Published: Mon, 12 Oct 2026 03:58 PM (IST)

सुपौल के करजाईन बाजार में देर रात बेखौफ अपराधियों ने एक ठेकेदार के घर में डाका डाला। हथियारबंद बदमाशों ने ...और पढ़ें

वारदात के बाद जांच करने पहुंची पुलिस। फोटो जागरण

वारदात के बाद जांच करने पहुंची पुलिस। फोटो जागरण

HighLights

  1. करजाईन बाजार में ठेकेदार के घर 65 लाख की डकैती।

  2. हथियारबंद 10 नकाबपोश अपराधियों ने परिवार को बंधक बनाया।

  3. पुलिस जांच जारी, कुछ संदिग्ध हिरासत में, छापेमारी तेज।

संवाद सूत्र, करजाईन बाजार (सुपौल)। करजाईन थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-9 में बेखौफ अपराधियों ने रविवार की देर रात संवेदक सत्येंद्र नारायण सिंह के घर में डाका डालकर लाखों के नकदी, जेवरात व अन्य सामान लूट लिया। घटना के समय घर में गृहस्वामी दंपती एवं उनकी बूढ़ी मां मौजूद थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात करजाईन बाजार से पश्चिम स्थित सत्येंद्र सिंह के आवासीय परिसर में दीवार कूदकर आए अपराधी पहले अंदर से बंद मेन गेट को तोड़ दिया।

करीब 10 की संख्या में नकाबपोश अपराधी हथियार के साथ पहुंचते ही पहले बाहर से बंद दो कमरे को तोड़कर लूटपाट की।

इसके बाद गृहस्वामी के घर का दरवाजा तोड़कर गृहस्वामी दंपती को हथियार के बल पर कब्जे लेकर आलमारी से जेवरात, नगदी सहित अन्य सामान लूट लिए।

महिलाओं के शरीर से सारे जेवरात छीन लिए। गृहस्वामी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि करीब 65 लाख के जेवरात, नगदी एवं अन्य सामान अपराधी लूटकर भाग निकले।

भागने से पहले हमलोगों काे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद गृहस्वामी द्वारा फोन से पड़ोसी को सूचना देकर बुलाया तो बाहर से घर को खोला गया तथा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही करजाईन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की।

डकैती के बाद सोमवार सुबह फोरेंसिक टीम भी पहुंची। टीम ने मौके पर जांचकर छानबीन की। करजाईन बाजार में आपराधिक घटना पर चिंता जताते हुए जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पुलिस के वरीय अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की।

लोगों ने कहा कि घटना के बाद क्षेत्र में दहशत है। लंबे समय बाद क्षेत्र में डकैती की घटना होने से लोग भयभीत है। लोगों ने घटना का जल्द उद्भेदन कर सुरक्षा व्यवस्था चुस्त करने की मांग की।

पुलिस गहनता से मामले की छानबीन कर रही है। कुछ संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस द्वारा सघन छापेमारी की जा रही है। -पवन कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वीरपुर