विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुपौल के आंगनबाड़ी केंद्र पर मासूम की मौत; मां बोली- बेटे के गले में मूंगफली फंसने से गई है जान, पिता देवघर में

Published: Wed, 16 Sep 2026 02:44 PM (IST)

Supaul Saraigarh Anganwadi Child Death: सरायगढ़, सुपौल के आंगनबाड़ी केंद्र में एक मासूम बच्चे रेयांश राज की मौत से हड़कंप ...और पढ़ें

Supaul Saraigarh Anganwadi Child Death: सुपौल के आंगनबाड़ी केंद्र 106 पर बच्चे की मौत से कोहराम; गले में बादाम फंसने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

Supaul Saraigarh Anganwadi Child Death: सुपौल के आंगनबाड़ी केंद्र 106 पर बच्चे की मौत से कोहराम; गले में बादाम फंसने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

HighLights

  1. सरायगढ़ आंगनबाड़ी केंद्र में एक मासूम बच्चे रेयांश राज की मौत।

  2. मां ने सेविका पर चिनिया बादाम से दम घुटने का आरोप लगाया।

  3. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी है।

संवाद सूत्र, सरायगढ़ (सुपौल)। Supaul Saraigarh Anganwadi Child Death: सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड क्षेत्र स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 106 पर बुधवार को एक मासूम बच्चे की अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बच्चे की पहचान भपटियाही निवासी रूपेश शर्मा के दो वर्ष 10 माह के पुत्र रेयांश राज के रूप में हुई है।

मृत बच्चे की मां ने आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सेविका द्वारा दिए गए चिनिया बादाम (मूंगफली) के गले में अटक जाने की वजह से बच्चे का दम घुट गया और उसकी जान चली गई। वहीं, घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मासूम रेयांश राज रोजाना की तरह केंद्र संख्या 106 पर गया हुआ था। मृत बच्चे की मां गौरी देवी का आरोप है कि केंद्र पर सेविका ने बच्चों को खाने के लिए चिनिया बादाम दिया था। खाने के दौरान बादाम का एक दाना रेयांश के गले में अटक गया, जिससे उसकी श्वास नली अवरुद्ध हो गई और वह बुरी तरह छटपटाने लगा।

  • सुपौल जिले के सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 106 पर 2 वर्ष 10 माह के बच्चे की संदिग्ध मौत

  • मां गौरी देवी का गंभीर आरोप: सेविका द्वारा दिए गए चिनिया बादाम के गले में अटकने के कारण घुट गई मासूम की सांस

  • आरोपों को सेविका मुन्नी कुमारी ने सिरे से किया खारिज; घटना के वक्त मासूम के पिता रूपेश शर्मा बोलबम यात्रा पर थे

  • भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा सुपौल; रिपोर्ट आने के बाद होगा मौत की असली वजह का खुलासा

आनन-फानन में जब तक परिजन उसे चिकित्सीय सहायता दिला पाते, तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थीं। हालांकि, आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका मुन्नी कुमारी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि केंद्र पर बच्चे को बादाम नहीं दिया गया था।

Supaul Anganwadi Child Death Mother Blames Peanut Choking (2)

पिता देवघर में, मां के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन

इस हृदयविदारक हादसे के समय मासूम के पिता रूपेश शर्मा बोलबम यात्रा के तहत देवघर गए हुए थे। घर में बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही मां गौरी देवी बेसुध होकर गिर पड़ीं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार अपने कलेजे के टुकड़े को याद कर दहाड़ मार रही हैं। गांव की महिलाएं पीड़ित मां को संभालने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन मासूम के चले जाने से पूरा टोला शोक और आक्रोश में डूबा हुआ है। परिजनों ने पिता को इस अनहोनी की सूचना दे दी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही साफ होगी मौत की वजह: थानाध्यक्ष

घटना की जानकारी मिलते ही भपटियाही थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए मासूम के शव को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया है।

भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि परिजनों के आरोपों और सेविका के बयानों को दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से छानबीन कर रही है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक और तकनीकी कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।