बच्चों ने नेहरू को किया नमन, बाल दिवस पर दी अपनी प्रस्तुति
राघोपुर में सिमराही स्थित विद्या निकेतन में प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में गुरुवार को मनाया गया। इस अवसर पर छात्रों के बीच खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मौके पर विद्यालय के निदेशक रीतेश मिश्र प्रणव कुमार विनीता कुमारी अन्नू जायसवाल काजल कुमारी रंजना कुमारी रौशन राजन भाव्या चांद मानवी मेहता सुबोध कुमार आदि मौजूद थे।
सुपौल: जिला मुख्यालय स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। प्रसिद्ध गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह के निधन पर शोक सभा का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई। भूतपूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती के उपलक्ष्य में विद्यालय में शिक्षक-शिक्षिकाओं की ओर से बच्चों के मनोरंजन के लिए तरह-तरह के स्टेज परफॉर्मेंस दिए गए। निदेशक उदय कर्ण ने पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। विद्यालय की ओर से बच्चों के लिए मुफ्त पानी पूरी एवं चाट की व्यवस्था की गई थी, जिसका बच्चों ने भरपूर लुत्फ उठाया। निदेशक ने रूद्राष्टकम स्तोत्र के द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत की। वहीं संतोष पाठक के द्वारा शिव तांडव स्त्रोत की प्रस्तुति ने पूरे कार्यक्रम को भक्तिमय कर दिया। राज एवं रुपेन सर की जोड़ी ने बेहतरीन नाटक की प्रस्तुति दी। संगीत शिक्षिका सच्ची पाठक के गायन पर सब के पांव थिरकने लगे। विद्यालय के प्राचार्य द्वारा हास्य प्रसंग की प्रस्तुति ने बच्चों को भरपूर हंसाया। मंच का संचालन अमृत श्रीवास्तव एवं पंकज कुमार सिंह ने किया। कराटे शिक्षिका प्रियंका कुमारी ने मंच पर कराटे का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में नृत्य शिक्षक हरि ओम राजा ने अपने नृत्य कौशल का प्रदर्शन कर सभी बच्चों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं में डॉ प्रभाकांत झा, सुबोध देवनाथ, संध्या झा, पल्लवी भारती, आलोक कुमार, धर्मेंद्र कुमार, रंजना सिन्हा ने भी बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया।