पुलिसिया कार्रवाई से उग्र हुए लोग, जगह-जगह जाम कर किया प्रदर्शन
भरोसा दिलाया कि वरीय पुलिस अधिकारी द्वारा दोषी पुलिस कर्मियों पर अपेक्षित कार्रवाई करते हुए सम्बंधित थानाध्यक्ष को निलंबित करने का भरोसा दिया गया है जिसके बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त करते हर जाम हटा लिया। इस बीच जाम की सूचना पाकर अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार सिंह तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गणपति ठाकुर भी मौके पर पहुंचे।
सुपौल। छातापुर पुलिस द्वारा मंगलवार को स्थानीय लोगों पर की गई बर्बरतापूर्ण कार्रवाई से नाराज जीवछपुर पंचायत के मल्लाह समाज के सैकड़ों लोगों ने बुधवार को एसएच 91 को कई जगहों पर जाम करते हुए उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जानकारी अनुसार दिन के करीब नौ बजे के आसपास अचानक से लोगों का हुजूम एसएच पर लगना प्रारंभ हो गया और लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक कई जगहों पर सड़क जाम कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क को बाधित करने के साथ-साथ कई जगह टायर जलाकर प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि मंगलवार को छातापुर पुलिस द्वारा मुख्यालय स्थित चुन्नी मोड़ के समीप लाठी चार्ज के दौरान मल्लाह समाज के कई लोग जख्मी हो गए थे। घटना के बाद छातापुर पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान उठाते हुए लोगों ने जमकर बवाल काटा और घंटों एसएच जामकर प्रदर्शन किया। हालांकि वरीय पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला तत्काल शांत हो गया। परंतु घटना के अगले ही दिन मामला पुन: सुलग गया और उक्त मामले को लेकर जीवछपुर पंचायत के मल्लाह समाज के लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि पुलिस द्वारा जिस तरह से पक्षपात करते हुए दर्जनों महिलाओं समेत निहत्थे लोगों पर बर्बरतापूर्ण तरीके से लाठी चार्ज किया गया है वह काफी निदनीय है। पुलिस ने महिलाओं व बच्चों को भी नहीं बख्शा और उन्हें बेरहमी से खदेड़-खदेड़ कर पीटा गया। मल्लाह समाज इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। दोषी थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस कर्मियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। घंटों विरोध प्रदर्शन के उपरांत सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गयी। इस बीच आक्रोशित लोगों को समझाने पहुंचे भीमपुर थानाध्यक्ष विश्वनाथ रवि को भी लोगों का विरोध झेलना पड़ा। घंटों सड़क जाम रहने के बाद आरडीओ सह बीडीओ छातापुर अजीत कुमार सिंह, सीओ सुमित कुमार सिंह, व्यापार मंडल चेयरमैन गौरीशंकर भगत, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अजय कुमार, भाजपा नेता शिवकुमार भगत, पूर्व मुखिया रमेश मुखिया समेत अन्य लोगों ने आखिरकार लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को भरोसा दिलाया कि वरीय पुलिस अधिकारी द्वारा दोषी पुलिस कर्मियों पर अपेक्षित कार्रवाई करते हुए सम्बंधित थानाध्यक्ष को निलंबित करने का भरोसा दिया गया है जिसके बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त करते हर जाम हटा लिया। इस बीच जाम की सूचना पाकर अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार सिंह तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गणपति ठाकुर भी मौके पर पहुंचे।