यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar News: सुपौल में NH-57 पर भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई दिल्ली जा रही बस; दो की मौत, दर्जनभर घायल
Accident on NH-57 in Supaul बिहार के सुपौल में NH-57 पर शुक्रवार को त्रिवेणीगंज से नई दिल्ली के लिए जा ...और पढ़ें

HighLights
- बिहार के सुपौल में NH-57 पर भीषण सड़क हादसा
- मृतकों में टोल प्लाजा का सुपरवाइजर और बस चालक शामिल
संवाद सूत्र, सरायगढ़ (सुपौल)। Accident on NH-57 in Supaul Bihar। नेशनल हाईवे 57 पर कोसी महासेतु से पश्चिम आसनपुर कुपहा टोल प्लाजा के पास शुक्रवार को त्रिवेणीगंज से नई दिल्ली के लिए जा रही एक बस टोल प्लाजा के आगे खड़े ट्रक से टकरा गई।
इस घटना में टोल प्लाजा पर ड्यूटी में लगे सुपरवाइजर सहित बस चालक की मौत हो गई जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। यह दुर्घटना दोपहर 12:30 बजे के आसपास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई आखों देखी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस टोल प्लाजा से 10 से 15 फीट पहले अनियंत्रित हो गई। उसके बाद वहां खड़े एक ट्रक में टकराई और ट्रक के आगे खड़ी पिकअप में ट्रक की टक्कर हो गई।
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात बलरामपुर यूपी के सुपरवाइजर योगेंद्र तिवारी (32) के ऊपर पिकअप चढ़ गई और वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दुर्घटना में बस का चालक भी बुरी तरह जख्मी हुआ।
दुर्घटना के बाद टोल प्लाजा पर ड्यूटी पर तैनात सुपरवाइजर योगेंद्र तिवारी को दरभंगा के लिए भेजा गया जबकि बस चालक को निर्मली अस्पताल भेजा गया।
दरभंगा लेजाने के दौरान दो लोगों की मौत
टोल प्लाजा के प्रभारी मैनेजर बीडी पांडेय ने बताया कि योगेंद्र तिवारी की दरभंगा ले जाने के क्रम में मौत हो गई। बस चालक की पहचान नहीं हो सकी है कि वह कहां के रहने वाले थे उनकी मौत निर्मली में इलाज के दौरान हुई।
घटना में घायल लोग
बस दुर्घटना में पिपरा थाना क्षेत्र के मो. सिराज, राजू शाह, मो. मुस्ताक और मो. अशफाक, डकही निवासी शिवानी कुमारी, सुपौल के चंदन कुमार, सोनू कुमार, अरुण कुमार, चांदपीपर के वासुदेव मुखिया, कारी मुखिया व जितेंद्र मुखिया सहित कुछ अन्य यात्री जख्मी हुए। दुर्घटना के बाद कुछ यात्री दूसरी बस से अपने-अपने घरों को चले गए।
कुछ जख्मी यात्री को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायगढ़ भपटियाही और कुछ को निर्मली अस्पताल में भर्ती कराया गया। सरायगढ़ भपटियाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मो. सिराज को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।
घायलों ने क्या कहा?
अस्पताल में इलाजरत मो. अशफाक और मो. मुस्ताक ने बताया कि बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सामने खड़े एक ट्रक में टकरा गई। वासुदेव मुखिया, कारी मुखिया, जितेंद्र मुखिया ने बताया कि वह सभी भी दिल्ली जा रहे थे। यात्रियों ने बताया कि बस में 40 के आसपास लोग सवार थे।
