युवक की निकलने वाली थी बारात, अचानक पहुंच गई प्रेमिका, फिर हुई ये बात
प्रेमी की दूसरी जगह शादी की खबर सुनकर प्रेमिका उसके घर पहुंच गई। घंटों चले हाईवोल्टेज ड्रामा के बाद थानाध्यक्ष ने शादी को रूकवा दिया।
सुपौल [जेएनएन]। बिहार सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में एक युवक की शादी हो रही थी, तभी एक लड़की उसके घर पहुंच गई। खुद को उसकी पत्नी बताने लगी। हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान लड़का फरार हो गया। इस मामले को लेकर लड़की ने पिपरा थाने को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के अनुसार, पिपरा निवासी प्रीतम कुमार ने उसे शादी का झांसा देकर विगत चार माह से यौन शोषण किया। दोनों काफी समय तक साथ रहे। हनीमून मनाने के लिए कई जगह गए। लेकिन जब वह गर्भवती हो गई तो युवक उसे छोड़कर फरार हो गया।
लड़की को जब जानकारी हुई कि युवक अन्य लड़की से शादी रचाने किशनपुर प्रखंड के थरबिटा गांव जा रहा है, तो वह उसके घर पहुंच गई। उसने उसकी शादी रोकने की गुहार थानाध्यक्ष से लगाई है।
थानाध्यक्ष शिवशंकर कुमार ने बताया कि आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल शादी रोक दी गई है। पीड़िता ने बताया कि उस लड़के से पहले मोबाइल पर बातें होती थी। बाद में दिल्ली में दोनों की मुलाकात हुई और प्रेम बढ़ता चला गया। आज वह शादी से मुकर दूसरी जगह शादी रचा रहा है। थाने में पीड़िता के साथ मानव आजादी आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष, माता पिता व अन्य लोग भी थे।