विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली से करोड़ों का सोना-हीरा चुराकर ससुराल में गाड़ा, भूसे से मिले ₹4.34 लाख कैश; ब‍िहार से ससुर गिरफ्तार

Published: Mon, 14 Sep 2026 11:41 AM (IST)

Supaul Delhi Theft Recovery: दिल्ली में एक बड़े कारोबारी के घर से करोड़ों के सोने-हीरे और लाखों की नकदी चोरी ...और पढ़ें

Supaul Delhi Theft Recovery: दिल्ली से करोड़ों का सोना-हीरा चुराकर ससुराल में गाड़ा! भूसे से 4.34 लाख बरामद, सुपौल में ससुर अरेस्ट; दामाद फरार

Supaul Delhi Theft Recovery: दिल्ली से करोड़ों का सोना-हीरा चुराकर ससुराल में गाड़ा! भूसे से 4.34 लाख बरामद, सुपौल में ससुर अरेस्ट; दामाद फरार

HighLights

  1. दिल्ली में करोड़ों के सोने-हीरे और नकदी की चोरी।

  2. सुपौल में आरोपी नौकर के ससुराल से बरामदगी हुई।

  3. जमीन से 115 जेवरात और भूसा घर से नकदी मिली।

संवाद सूत्र, प्रतापगंज (सुपौल)। Supaul Delhi Theft Recovery: देश की राजधानी दिल्ली में एक बड़े कारोबारी के घर से करोड़ों रुपये मूल्य के सोने व हीरे के आभूषण और लाखों की नकदी उड़ाकर बिहार में छिपाने वाले शातिर गिरोह पर कानून का शिकंजा कस गया है। दिल्ली पुलिस ने सुपौल जिले की प्रतापगंज थाना पुलिस के सहयोग से सुखानगर पंचायत में संयुक्त छापेमारी कर जमीन के अंदर गाड़कर छिपाए गए 115 पीस हीरे व सोने के कीमती जेवरात और भूसा घर में रखी 4 लाख 34 हजार 650 रुपये की नकदी बरामद कर ली है।

बरामद जेवरातों का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करोड़ों रुपये आंका जा रहा है। मामले में पुलिस ने आरोपी नौकर के ससुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। दिल्ली पुलिस के अनुसार, चोरी की यह बड़ी वारदात 5 सितंबर को दिल्ली के तिमारपुर थाना क्षेत्र निवासी अनिल कुमार गुप्ता और अनुज कुमार गुप्ता के आवास पर हुई थी।

  • दिल्ली के तिमारपुर में कारोबारी बंधुओं के घर से करोड़ों के सोना-हीरा व नकदी की चोरी मामले में सुपौल में बड़ी रिकवरी

  • प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सुखानगर स्थित ससुराल में छापेमारी; भूसा घर से ₹4,34,650 नकद और जमीन खोदकर 115 कीमती जेवरात बरामद

  • पुलिस की भनक लगते ही मुख्य आरोपी नौकर अनिल कामत हुआ फरार; चोरी का सामान छिपाने के आरोप में ससुर गिरफ्तार

  • एसडीपीओ पवन कुमार और थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने की पुष्टि; दिल्ली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में मिली कामयाबी

पीड़ित गुप्ता बंधुओं के घर पर काम करने वाले घरेलू नौकरों ने ही विश्वासघात करते हुए इस दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया और करोड़ों की संपत्ति लेकर रफूचक्कर हो गए थे। मामले की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक व वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए कड़ियां जोड़ीं, जिसमें मूल रूप से बिहार के निर्मली (मरौना) थाना क्षेत्र निवासी नौकर अनिल कामत और उसके एक अन्य साथी की संलिप्तता पुख्ता हुई।

साथी की गिरफ्तारी के बाद सुपौल पहुंची दिल्ली पुलिस

दिल्ली पुलिस ने सर्विलांस की मदद से अनिल के एक साथी को पहले ही दिल्ली में गिरफ्तार कर लिया था। रिमांड पर पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि चोरी का अधिकांश कीमती माल अनिल कामत अपने साथ बिहार ले गया है और अपने ससुराल में ठिकाना बनाए हुए है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की विशेष टीम शनिवार की रात प्रतापगंज पहुंची और थानाध्यक्ष रौशन कुमार से संपर्क साधा। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने तुरंत पुलिस बल की एक विशेष टीम गठित की और सुखानगर गांव स्थित अनिल के ससुराल की चारों तरफ से घेराबंदी कर दी।

पुलिस का सायरन सुनते ही भागा दामाद, महिला ने उगला राज

थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि रात में पुलिस के भारी काफिले को अपनी ओर आता देख आरोपी अनिल कामत अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। इसके बाद पुलिस टीम ने घर के कोने-कोने की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान भूसा घर (मवेशियों के चारे वाले कमरे) में छिपाकर रखे गए 4 लाख 34 हजार 650 रुपये नकद बरामद किए गए।

जब घर में मौजूद महिला से पुलिस ने सख्ती और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो उसने जेवरात जमीन में गाड़कर रखने की बात कबूल कर ली। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने आंगन की जमीन खोदकर एक भारी बैग बाहर निकाला। बैग की जांच करने पर उसमें से 115 अलग-अलग आइटम के बेशकीमती सोने और हीरे के आभूषण बरामद हुए।

ससुर गिरफ्तार, फरार नौकर की तलाश में लगातार छापेमारी

मामले की सूचना मिलते ही एसडीपीओ पवन कुमार भी प्रतापगंज थाने पहुंचे और बरामद आभूषणों व नकदी का जायजा लिया। एसडीपीओ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी अनिल कामत मूल रूप से मरौना का रहने वाला है। उसने दिल्ली के तिमारपुर में गुप्ता बंधुओं के यहां वारदात को अंजाम दिया और माल को सुरक्षित करने के लिए सुखानगर स्थित अपने ससुराल में छिपा दिया था।

चोरी के माल को संरक्षण देने और छुपाने के आरोप में अनिल के ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, फरार मुख्य आरोपी अनिल कामत की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन दबिश दी जा रही है।