ससुरालवालों पर दर्ज हुआ विवाहिता की हत्या का मामला
संवाद सूत्र बलुआ बाजार (सुपौल) ललितग्राम ओपी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मधुबनी के टपरा टोला वा
संवाद सूत्र, बलुआ बाजार (सुपौल) : ललितग्राम ओपी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मधुबनी के टपरा टोला वार्ड दो में शनिवार दोपहर एक महिला अपने घर में मृत पाई गई। यह खबर आसपास के लोगों के बीच आग की तरह फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के पिता लक्ष्मण ठाकुर ने अपनी पुत्री विमल देवी की मौत का जिम्मेदार ससुराल वालों को ठहराया है। उन्होंने मौत की सूचना ओपी पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची ओपी पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है। मृतका के पिता ने ललितग्राम ओपी में आवेदन देकर नौ लोगों आरोपित बनाया है।
दिए आवेदन में उन्होंने कहा है कि उनकी पुत्री की शादी एक वर्ष पूर्व छातापुर प्रखंड क्षेत्र के मधुबनी पंचायत वार्ड दो निवासी रघु ठाकुर के पुत्र विनोद ठाकुर के साथ हुई थी। कुछ दिन तक रिश्ता ठीकठाक रहा, लेकिन उसके बाद ससुरालवाले की किसी न किसी बहाने उनकी पुत्री को प्रताड़ित करने लगे। बात करने पर ससुराल वाले मामले को शांत कर देते थे। इधर शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ससुराल वालों ने मेरी पुत्री की मौत की सूचना दी। उन्होंने ससुराल पक्ष को आरोपित ठहराते हुए कहा कि मेरी पुत्री की ससुराल वालों ने दहेज के लोभ में हत्या की है। कहा कि इससे पूर्व भी ससुरालवाले दहेज को लेकर मेरी पुत्री को प्रताड़ित किया करते थे। इसके बाद कुछ दिन मामला शांत हो जाता था लेकिन समय बीतने के बाद दोबारा उनलोगों के द्वारा उनकी पुत्री को प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने मृतका के पति विनोद ठाकुर समेत रघु ठाकुर, रीता देवी, संतोष ठाकुर, अशोक ठाकुर, मनोज ठाकुर, सनोज ठाकुर, पप्पू ठाकुर, विद्यानंद ठाकुर को हत्या का आरोपित बनाया है। पुलिस ने रघु ठाकुर और पप्पू ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में पूछने पर ओपी प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि प्रथम ²ष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर दो लोगों की गिरफ्तारी की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।