भूमि विवाद में अनावश्यक लोगों को नहीं करें परेशान : मंत्री
सुपौल। भूमि विवाद का हल आपसी सहमति से कराने की पहल अधिकारी करना सुनिश्चित करें। भूमि वि
सुपौल। भूमि विवाद का हल आपसी सहमति से कराने की पहल अधिकारी करना सुनिश्चित करें। भूमि विवाद को लेकर ही न्यायालयों में वादों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसा देखा गया है कि क्षेत्र में मारपीट, हत्या जैसी घटनाएं घटित होने का मुख्य कारण भूमि विवाद ही होता है। भूमि विवाद का निपटारा समय पर पक्षकारों के आपसी समझौता से हो जाने पर पक्षकारों के बीच आपसी प्रेम व भाईचारा भी बना रहता है और गंभीर विवाद होने की संभावना भी कम हो जाती है। उक्त बातें सूबे के ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने शनिवार को अनुमंडल मुख्यालय स्थित पश्चिमी कोसी निरीक्षण भवन के गेस्ट हाउस में पदाधिकारियों एवं जदयू नेताओं को संबोधित करते हुए कही। मंत्री ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैद्यनाथ ¨सह से क्षेत्र के आपराधिक घटनाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। कहा कि सभी थानाध्यक्षों को अंचलाधिकारी के साथ मिलकर क्षेत्र में घटित होने वाले विवादों का निपटारा करना अनिवार्य है। जदयू कार्यकर्ताओं को भी अपने-अपने क्षेत्र में विवादों का निपटारा आपसी समझौता के तहत कराने का आह्वान किया। कहा कि कार्यकर्ता लोगों को इसके लिए जागरूक करें। विवाद का निपटारा होने से कोर्ट के चक्कर से बचा जा सकता है। अनावश्यक खर्च से भी निजात मिलेगा। आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश डीएसपी को दिया। अनुमंडल पदाधिकारी नीरज नारायण पांडे को निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी अंचलाधिकारी को हिदायत दें कि जल्द से जल्द भूमि विवाद का निपटारा कराना सुनिश्चित करें। भूमि विवाद के निपटारे को लेकर अनावश्यक रूप से लोगों को परेशान नहीं किया जाए। मंत्री ने कहा कि रविवार को मधेपुरा में आयोजित होने वाली प्रमंडल स्तरीय बैठक में सम्मिलित होना है। मौके पर पूर्व विधायक सतीश कुमार साह, रामचन्द्र प्रसाद यादव, अभिषेक पंसारी, अमरदेव कामत, वीरेंद्र साह, गोपाल साह, जगदीश यादव, लोकेशनाथ मण्डल, रामवतार साह, थानाध्यक्ष दीनानाथ मण्डल सहित कई जदयू कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।