विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब और बंगाल से जुड़ेगा कोसी, चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन; रेलवे ने जारी किया शेड्यूल

Published: Tue, 12 May 2026 07:30 PM (GMT+05:30)

भारतीय रेलवे ने अमृतसर और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है, जिससे कोसी क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

पंजाब और बंगाल से जुड़ेगा कोसी, चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन

पंजाब और बंगाल से जुड़ेगा कोसी, चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, राघोपुर (सुपौल)। कोसी क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए रेलवे ने खुशियों की बड़ी सौगात दी है। भारतीय रेलवे ने अमृतसर और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14664/14663 चलाने का निर्णय लिया है।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस लंबी दूरी की हाई-स्पीड ट्रेन का व्यावसायिक ठहराव सुपौल जिले के निर्मली, सरायगढ़ और राघोपुर स्टेशनों पर भी तय किया गया है।

रेल मंत्रालय द्वारा 11 मई को जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, इस ट्रेन के परिचालन से क्षेत्र की कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।

रेलवे द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार 14664 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी प्रत्येक गुरुवार की दोपहर 12:45 बजे अमृतसर से प्रस्थान करेगी। अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, सीतापुर और गोरखपुर होते हुए यह बिहार में प्रवेश करेगी।

नरकटियागंज, रक्सौल और सीतामढ़ी के रास्ते यह ट्रेन राघोपुर पहुंचते हुए शनिवार तड़के 04:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी।

वापसी में यह ट्रेन संख्या 14663 न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर प्रत्येक शनिवार की सुबह 08:00 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से चलेगी और राघोपुर, सरायगढ़, निर्मली व झंझारपुर के रास्ते सोमवार तड़के 02:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी।

सीमा क्षेत्र के लिए वरदान

सरायगढ़, निर्मली, राघोपुर और कुनौली सहित सुपौल जिले के हजारों लोगों के लिए यह ट्रेन किसी वरदान से कम नहीं है। सुपौल जिले की बड़ी आबादी पंजाब के लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में कृषि व औद्योगिक कार्यों के लिए जाती है।

अब तक सीधी ट्रेन न होने से इन कामगारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। यह ट्रेन न केवल पंजाब के लिए सस्ता और सुलभ सफर देगी, बल्कि जलपाईगुड़ी से सीधा जुड़ाव होने के कारण स्थानीय व्यापारियों के लिए उत्तर बंगाल और असम की मंडियों तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा।

आधुनिक पुश-पुल तकनीक से लैस

यह ट्रेन अमृत भारत रैक के साथ चलेगी। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक पुश-पुल तकनीक और बेहतर कोच डिजाइन का उपयोग किया गया है, जो यात्रा को झटकों से मुक्त और तेज बनाता है। राघोपुर में ठहराव की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और रेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और स्थानीय सांसद दिलेश्वर कामत के प्रति आभार व्यक्त किया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि राघोपुर को प्रमुख व्यावसायिक ठहराव बनाना रेलवे का एक सराहनीय और दूरदर्शी कदम है। इससे न केवल सुपौल, बल्कि पड़ोसी देश नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। लोगों ने कहा कि सांसद के प्रयासों से आज कोसी क्षेत्र को पंजाब और बंगाल से सीधा जोड़ दिया गया है।

यह भी पढ़ें- सीमांचल को बड़ी सौगात: अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत को मंजूरी, सीतामढ़ी-अयोध्या का सफर हुआ आसान

यह भी पढ़ें- 15 मई से जमुई स्टेशन पर रुकेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, सांसद अरुण भारती दिखाएंगे हरी झंडी